जिलाध्यक्ष दलजीत आहलूवालिया बोले- जिसकी गलती होगी, उस पर एक्शन होगा
डेली संवाद, जालंधर
कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ के जालंधर आगमन पर दो कांग्रेस नेता आपस में ही भिड़ गए और एक दूसरे को मां बहन की गालियां दीं। बीच सड़क पर दोनों नेताओं ने एक दूसरे को जमकर गालियां निकाली और नौबत हाथापाई तक आ पहुंची।
देखें लाइव वीडियो…
दरअसल कांग्रेस के बाजार बंद को लेकर आज प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ जालंधर आए हुए थे। उन्होंने जालंधर प्रेस क्लब में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष नंबर बनाने की होड़ में वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीकंठ जज और अरविंद मिश्रा अपनी ही फजीहत करा बैठे। सुनील जाखड़ प्रेस कॉन्फ्रेंस संबोधित करके जाने लगे उनके प्रेस क्लब से निकलने के दौरान दोनों कांग्रेस नेताओं में धक्का-मुक्की होने लगी।
श्रीकंठ जज को जब अरविंद मिश्रा ने धक्का देकर पीछे करने की कोशिश की तो वह भड़क गए और मामला गरमा गया। इसके बाद जाखड़ तो चले गए लेकिन मौके पर हंगामा हो गया। श्रीकंठ जज ने अरविंद मिश्रा को जमकर मां-बहन की गालियां दी बदले में अरविंद मिश्रा ने भी जज को गालियां निकाली।
अरविंद तो कांग्रेस का प्राइमरी मैंबर तक नहीं – जज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकंठ जज ने कहा कि अरविंद मिश्रा कांग्रेस का प्राइमरी मेंबर ही नहीं है। जबकि हम पिछले 40 साल से उनके लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने अरविंद मिश्रा को ब्लैकमेलर बताते हुए कहा कि वह रिवाल्वर के लाइसेंस दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था। उन्होंने कहा कि यह BJP का कालिया गुट से ताल्लुक रखता है और भाजपा का पालतू है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ के कार्यक्रम बर्बाद करने की नियत से उसने जानबूझकर ऐसा किया।
श्रीकंठ हैं मनोरंजन कालिया के पिट्ठू – अरविंद
अरविंद मिश्रा ने कहा कि राजनीति में यह सब तो होता ही रहता है सब हमारे भाई हैं। बात श्रीकंठ की करें तो श्रीकंठ जज भाजपा के नेता मनोरंजन कालिया के पिट्ठू हैं। वे इलैक्शन के दौरान कालिया के साथ घूमते रहे। हमें तो कांग्रेस में सांसद संतोख चौधरी लेकर आए हैं।
मामले की जानकारी लेकर करेंगे कार्रवाई – आहलूवालिया
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दलजीत सिंह आहलूवालिया ने कहा है कि अभी मुझे मामले की पूरी तरह से जानकारी नहीं है कि आखिरकार हुआ क्या। मामले की जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि गलती किसकी है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।