बसपा इन दोनों राज्यों में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी
अशोक सिंह भारत
डेली संवाद, नई दिल्ली
बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव के लिए होने वाले महागठबंधन को बड़ा झटका देते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश व राजस्थान विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेंगी। बसपा इन दोनों राज्यों में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। यह बात मायावती ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कही।
मायावती इसके पहले छत्तीसगढ़ में अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस (छत्तीसगढ़-जे) के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। फिलहाल यूपी के बारे में बसपा प्रमुख ने अभी तस्वीर साफ नहीं की है। वैसे सपा अब भी बसपा से गठबंधन के प्रयास में हैं। मायावती ने बुधवार को कहा कि कुछ नेता कह रहे हैं कि वह सीबीआई व ईडी की धमकी से कांग्रेस से बसपा गठबंधन नहीं कर रही हैं, लेकिन हकीकत यह है कि वह इस गठबंधन के जरिए उसे खत्म करना चाहती है।
मायावती बोली-दिग्विजय सिंह भाजपा के एजेंट हैं
मायावती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व संरक्षक सोनिया गांधी दोनों दिल से चाहते हैं कि बसपा व कांग्रेस का लोकसभा से पहले कुछ राज्यों में होने वाले चुनावों में गठबंधन हो, लेकिन कांग्रेस पार्टी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह जैसे अनेकों स्वार्थी नेता समझौता होने नहीं देना चाहते।
दिग्विजय सिंह ने ही सीबीआई व ईडी की जांच से घबरा कर बड़ी पार्टी होने के बाद भी गोवा में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने दी। कांग्रेस पार्टी यह निजी स्वार्थी वरिष्ठ नेता भाजपा का एजेंट है। दिग्विजय सिंह एक चैनल पर इंटरव्यू में उनका नाम लेकर बयान दिया था कि मायावती पर केंद्र सरकार का बहुत बड़ा दबाव है। वह ईडी व सीबीआई की जांच से घबरा रही हैं।