नई दिल्ली। Facebook ने सोमवार को कहा कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस से जुड़े 687 पेजों और अकाउंट को हटा दिया है। फेसबुक का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन पेजों से अप्रमाणिक सूचनाएं दी जा रही थीं। इसके साथ ही इन पेजों पर फर्जी तरीके से इंटरेक्शन भी बढ़ाया जा रहा था।
बता दें कि कांग्रेस पार्टी के 30 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं। फेसबुक के मुताबिक, उसकी जांच में पाया गया है कि लोगों ने फर्जी खातों का इस्तेमाल किया और अपने कंटेंट को फैलाने और अपनी पोस्ट पर इंटरेक्शन हासिल करने के लिए कई ग्रुपों को शामिल किया। इन पोस्टों में स्थानीय खबरें शामिल हैं। यही नहीं इन पोस्टों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसे राजनीतिक विरोधियों की आलोचना की गई है।
इन पेजों पर प्रतिद्वंद्वी पार्टी भाजपा की आलोचना की जाती है
फेसबुक ने बताया कि इन पेजों के एडमिन और अकाउंट्स द्वारा मुख्य तौर पर लोकल न्यूज के साथ राजनैतिक मुद्दे शेयर किए जाते हैं। इनमें उम्मीदवारों के विचार भी शामिल हैं। इन पेजों पर प्रतिद्वंद्वी पार्टी भाजपा की आलोचना की जाती है। फेसबुक ने यह भी कहा कि हमने पाया कि ये अकाउंट कांग्रेस की आईटी सेल से जुड़े हैं। उदाहरण के लिए फेसबुक द्वारा दो पोस्ट शेयर की गई हैं। इन पोस्टों में मोदी के विकास कार्यों की आलोचना की गई है जबकि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी को समर्थन देने की बात कही गई है।
फेसबुक के साइबर सिक्योरिटी पॉलिसी के हेड नाथानियल ग्लेचियर ने कहा कि लोगों ने अपनी पहचान छिपाकर यह काम करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि उक्त 687 फेसबुक पेज और अकाउंट्स अप्रमाणिक व्यवहार में लिप्त थे जिसके कारण इन्हें ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए हटाया गया। इसके अलावा फेसबुक ने 103 पेजों, समूहों और अकाउंट्स को अपने प्लेटफार्म और इंस्टाग्राम से हटाया है जो समान गतिविधियों में लिप्त थे। ये पाकिस्तान से संचालित नेटवर्क का हिस्सा थे।
हिन्दी न्यूज़ Updates पाने के लिए आप हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।