नई दिल्ली। भाजपा ने रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए 6 और उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए। इस लिस्ट में हरियाणा की 2, मध्यप्रदेश की 3 और राजस्थान की 1 सीट पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह को हरियाणा के हिसार टिकट मिला है। बेटे को टिकट मिलने के बाद चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कैबिनेट और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को अपना इस्तीफा भेजा है।
भाजपा ने मप्र के खजुराहो से विष्णु दत्त शर्मा और रतलाम से जीएस डामोर को टिकट दिया है। वहीं, धार से छत्तर सिंह दरबार को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा की इस लिस्ट में भी भोपाल, इंदौर, गुना, विदिशा और सागर सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं। बीरेंद्र सिंह ने कहा- भाजपा हमेशा वंशवाद के खिलाफ रही है। इसलिए मैंने सोचा कि मेरे बेटे को टिकट मिला तो मुझे राज्यसभा और मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना चाहिए। इसलिए मैंने अमित शाह को पत्र लिखा।
इन्हें मिली टिकट
बीरेंद्र सिंह बेटे बृजेंद्र सिंह हरियाणा कैडर के 1998 बैच के आईएएस हैं। वे हरियाणा स्टेट कॉपरेटिव सप्लाई एंड मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (हैफेड) में एमडी के पद पर तैनात थे। सीट की घोषणा होते ही उन्होंने वीआरएस के लिए आवेदन कर दिया।
सीट | उम्मीदवार | 2014 में कौन जीता |
हिसार, हरियाणा | बृजेंद्र सिंह | इनेलो |
रोहतक, हरियाणा | अरविंद शर्मा | कांग्रेस |
खजुराहो, मप्र | विष्णु दत्त शर्मा | भाजपा |
रतलाम, मप्र | जीएस डामोर | भाजपा |
धार, मप्र | छत्तर सिंह दरबार | भाजपा |
दौसा, राजस्थान | जसकौर मीणा | भाजपा |
हिन्दी न्यूज़ Updates पाने के लिए आप हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।