बिखर रही है कांग्रेस! कर्नाटक, गोवा सहित तीन राज्यों में संकट में पार्टी, जाने मामला

Daily Samvad
5 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 6 मिनट पढ़ने का समय|📝 660 शब्द|📅 11 Jul 2019

नई दिल्ली। लोकसभा में हार के बाद अध्यक्ष पद का संकट और अब तीन राज्यों में कांग्रेस बिखरती हुई नज़र आ रही है. कर्नाटक में कांग्रेस-और जेडीएस की सरकार 18 विधायकों के इस्तीफ़े के बाद भारी संकट में है. जाहिर है इसमें से अधिकतर विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं।

गोवा में कांग्रेस के 15 विधायकों में से 10 पार्टी से अलग हो कर बीजेपी के खेमे में आ चुके हैं. हांलाकि वहां सरकार बीजेपी की है. तीसरा संकट तेलंगना का है, जहां पहले कांग्रेस के 18 में से 12 एमएलए जून में पार्टी छोड़ चुके हैं। बता दें, कर्नाटक में पहले से ही कुआं और खाई के बीच झूल रही जद(एस) कांग्रेस सरकार को और दो विधायकों के इस्तीफे से बुधवार को बड़ा झटका लगा है।

वहीं दूसरी ओर मुंबई में हाई-वोल्टेज ड्रामा जारी है जहां मंत्री डी. के. शिवकुमार को बागी विधायकों को मनाने के प्रयास में होटल पहुंचने पर हिरासत में लिया गया है. साथ ही इस नाटक का एक हिस्सा राजधानी दिल्ली में उच्चतम न्यायालय में भी चल रहा है।

10 बागी विधायक शीर्ष अदालत पहुंच गए हैं

एच. डी. कुमारस्वामी सरकार में आवास मंत्री एम. टी. बी. नागराज और के. सुधाकर ने बुधवार को अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार को सौंपा. दोनों कांग्रेस के विधायक हैं. राज्य में गहराते राजनीतिक संकट के बीच कांग्रेस और जद(एस) के 10 बागी विधायक शीर्ष अदालत पहुंच गए हैं और याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि विधानसभा अध्यक्ष जानबूझकर उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं कर रहे हैं और कुमारस्वामी सरकार को संभलने का वक्त दे रहे हैं।

बुधवार को हुए और दो इस्तीफों के साथ ही कर्नाटक में अभी तक कांग्रेस के 13 और जद(एस) के तीन विधायक इस्तीफा दे चुके हैं जबकि दो निर्दलीय विधायक एच. नागेश और आर. शंकर ने समर्थन वापस ले लिया है. गठबंधन सरकार के पास अध्यक्ष के अलावा फिलहाल 116 विधायक हैं. इनमें कांग्रेस के 78, जनता दल (एस) के 37 और बसपा का एक विधायक है।

मंत्रिमंडल से सोमवार को दो निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के साथ ही 224 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास कुल 107 विधायक हो चुके हैं. अगर सभी 16 विधायकों का इस्तीफा स्वीकार हो जाता है तो गठबंधन के पास सदस्यों की संख्या घटकर 100 रह जाएगी।

इस पूरे मामले में हाई-वोल्टेज ड्रामा मुंबई में हुआ

कर्नाटक के राजनीतिक संकट की आवाज बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी राज्यसभा में सुनाई दी, जहां कांग्रेस सदस्यों ने हंगामा किया. वहीं बेंगलुरु में भाजपा की कर्नाटक इकाई ने मुख्यमंत्री कुमारस्वामी पर इस्तीफे के लिए दबाव बनाने की खातिर विधान सौंध के समक्ष प्रदर्शन किया. लेकिन इस पूरे मामले में हाई-वोल्टेज ड्रामा मुंबई में हुआ।

कांग्रेस की ओर से इस पूरे मसले को सुलझाने और बागी विधायकों को मनाने के लिए मुंबई में पोवई स्थित रेनेसां होटल पहुंचे शिवकुमार, मिलिंद देवड़ा और नसीम खान को पुलिस ने हिरासत में लिया और उन्हें बीकेसी पुलिस अतिथि घर ले गई. तीनों को घंटों हिरासत में रखा गया।

देवड़ा ने बताया कि शिवकुमार को छोड़ने के बाद उन्हें सीधा बेंगलुरु रवाना कर दिया गया. खान को भी छोड़ दिया गया है. देवड़ा ने ट्वीट किया था, ‘‘पुलिस शिवकुमार को (मुंबई) हवाई अड्डा लेकर जा रही है. उन्हें जबरन बेंगलुरु वापस भेजा जा रहा है.’ गौरतलब है कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेन गठबंधन की सरकार है. कांग्रेस एनएलसी भाई जगताप ने भी कहा कि शिवकुमार को मुंबई पुलिस हवाई अड्डे ले गयी है।

कर्नाटक सरकार में मंत्री शिवकुमार सुबह से ही मुंबई के होटल के बाहर डेरा डाले हुए थे. वह किसी भी सूरत में बागी विधायकों से मिलना चाहते थे. ऐसी सूचना मिली है कि अधिकारियों ने शिवकुमार को बताया कि बागी विधायकों ने मुंबई पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है कि उन्हें मंत्री के आने पर जान का खतरा है. अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने रेनेसां होटल के पास निषेधाज्ञा लगा दी है. कर्नाटक के बागी विधायक यहीं ठहरे हुए हैं।

हिन्दी न्यूज़ Updates पाने के लिए आप हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।

















TAGGED:
Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *