PM नरेंद्र मोदी ने कृष्ण नगरी मथुरा से किया ‘स्वच्छता ही मिशन’ अभियान का लांच

Daily Samvad
9 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 9 मिनट पढ़ने का समय|📝 1,142 शब्द|📅 11 Sep 2019

मोदी जी ने देशवासियों से की सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल के खात्मे की अपील

भगवान कृष्ण की धरती विश्व को दिखाएगी बेहतर पशुपालन की व्यवस्था: आदित्यनाथ

PM नरेंद्र मोदी ने कृष्ण नगरी मथुरा से किया 'स्वच्छता ही मिशन' अभियान का लांच

डेली संवाद, मथुरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशव्यापी ‘स्वच्छता ही मिशन’ अभियान का शुभारम्भ करते हुए देश की जनता से सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी 2 अक्टूबर तक अपने घरों, दफ्तरों को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त कर लें। मोदी जी ने कहा कि प्लास्टिक से उपजे कचरे की समस्या अब एक गंभीर समस्या का रूप ले रही है। यह कचरा पर्यावरण के लिए तो घातक है ही बल्कि हमारे पशुओं का जीवन भी इस प्लास्टिक की वजह से खतरे में है। उन्होंने आज एक हजार 59 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए पशुधन के संरक्षण से संबंधित भी कई योजनाओं का शुभारम्भ किया।

मोदी जी ने राष्ट्रीय पशु आरोग्य मिशन लांच करते हुए कहा कि पशुधन हमेशा से भारत की अर्थव्यवस्था का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पशुधन के बिना भारत के गांवों अर्थव्यवस्था में सुधार सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा की मथुरा नगरी के लोगों ने हमेशा से प्रकृति एवं पशुओं के संरक्षण, स्वास्थ्य और संवर्धन की दिशा में काम किया है। मोदी जी ने मथुरा के वेटरनरी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय पशु आरोग्य मेले का शुभारम्भ किया। इसके साथ ही पशुओं में होने वाली अलग-अलग बीमारियों के टीकाकरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई।

पशु आरोग्य समेत लांच कीं 1059 करोड़ रूपये की परियोजनाएं

मोदी जी ने कहा कि आज इन योजनाओं के जरिए मथुरा विश्व के लोगों को पशुधन के बेहतर रखरखाव और संरक्षण की सीख दे सकता है। उन्होंने कहा कि भारत को भगवान कृष्ण से पर्यावरण को बचाने की प्रेरणा मिलती है। जिस प्रकार दूध, दही, माखन, धेनु, प्रकृति, पर्यावरण के बिना बालगोपाल की कल्पना नहीं हो सकती है, वैसे ही गाय के संरक्षण के बगैर समाज का विकास अधूरा होगा। इस दिशा में उन्होंने स्टार्ट-अप के जरिए पशुधन संरक्षण में नयी तकनीकी लाने पर जोर देते हुए कहा कि आईआईटी, आईआईएम के लोग इस क्षेत्र में आएं और देश के पशुओं को पोषक आहार कैसे मिले इस विषय में अपने सुझाव दें। उन्होंने कहा की देश की समस्यायों का समाधान देश की मिट्टी से ही निकलेगा।

स्वच्छता, पशुधन और बुनियादी ढांचे की कई योजनाओं का लोकार्पण और शुभारम्भ करते हुए मोदी जी ने कहा की प्लास्टिक के कचरे से मुक्ति पाने के लिए सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक को रोकने में सक्रिय योगदान देना होगा। इस प्लास्टिक से नदियों, झील, तालाबों में रहने वाले जीवों को बहुत नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गाँधी ने प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में जो काम किया है हमें उसी काम को आगे बढ़ाना है। आगामी 2 अक्टूबर तक सभी लोग अपने घर, दफ्तर, आसपास की जगह को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करें, यही महात्मा गाँधी को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

तकनीकी के जरिए प्लास्टिक के कचरे को रिसायकल किया जाएगा

उन्होंने कहा कि तकनीकी के जरिए प्लास्टिक के कचरे को रिसायकल किया जाएगा, और जो प्लास्टिक का कचरा रिसायकल नहीं किया जा सकता है उसका इस्तेमाल सीमेंट और सड़क बनाने में किया जाएगा। मोदी ने कहा कि जब भी आप अपने घर से बाहर जाएं तो सामान लेने के लिए साथ में झोला लेकर जाएं, सरकारी दफ्तरों में अब प्लास्टिक की बोतलों की बजाय मिट्टी, धातु के बर्तनों की व्यवस्था होनी चाहिए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा जिस प्रकार 2014 में मोदी जी ने हाथ में झाड़ू लेकर स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया उसकी वजह से गंदगी से फैलने वाली बीमारियां दम तोड़ रहीं हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा पिछले चार दशकों में मस्तिष्क ज्वर (जापानीज इन्सेफेलाइटिस) की वजह से 50,000 से अधिक बच्चों की मौत हुयी है। पिछली सरकारें जनता की इस पीड़ा को मिटाने के प्रति उदासीन रहीं। लेकिन मोदी जी द्वारा चलाये गए स्वछता मिशन को उत्तर प्रदेश सरकार ने आगे बढ़ाया और आज इस बीमारी से मरने वाले लोगों की संख्या अपने न्यूनतम स्तर पर है।

स्वच्छ भारत मिशन की वजह से हम बीमारी से लड़ पाने में सफल हुए – योगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में बुखार की वजह से पिछले 40 साल से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 2016 में 426 मौतें हुयीं, 2017 में 380 मौतें हुयीं, 2018 में 125 लोगों की मौत हुयी और 2019 में 234 मरीज भर्ती हुए और कुल 22 लोगों की मौत हुई। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की वजह से हम इस बीमारी से लड़ पाने में सफल हो पाए हैं।

पशुधन के संरक्षण पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय पशु आरोग्य मिशन कार्यक्रम गायों और अन्य जानवरों का बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करेगा। जब पशुधन स्वस्थ होगा तभी पशुपालकों को उसका लाभ मिल सकेगा। हमारा प्रयास है कि पशुधन का बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करके पशुपालकों और किसानों की आय दोगुना करने में सफल हों।

मोदी जी ने की योगी की प्रशंसा

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि, मैं योगी जी की सराहना करता हूं जिस प्रकार उन्होंने इंसेफलाइटिस पर जीत हासिल की है। विगत वर्षों में हजारों बच्चे इंसेफलाइटिस के प्रकोप से मरते थे। योगी जी ने हमेशा इंसेफलाइटिस के खिलाफ लड़ाई लड़ी और संसद में भी इस मामले को बार बार उठाया। आखिर योगी सरकार के सफल प्रयासों के फलस्वरूप आज इस महामारी पर हमें जीत हासिल हुई है। साल 2019 में इस महामारी से मरने वालों की संख्या में भारी गिरावट आई है। जिस प्रकार के आंकड़े आये हैं वह सकारात्मक रूप से चौंका देने वाले हैं।

लोकार्पण की गई परियोजनाएं

  • मथुरा नंदगांव में पर्यटन
  • सीवर सुदृढ़ीकरण के कार्य
  • पोतरा कुण्ड मथुरा पर फसाड लाइटिंग एवं म्यूजिकल फाउण्टेन की स्थापना
  • आगरा एवं मुरादाबाद में आर.आई.डी.एफ (नाबार्ड) योजना से बने पॉलीक्लीनिक
  • आर.आई.डी.एफ (नाबार्ड) के अन्तर्गत बने पशु चिकित्सालय, रोग निदान प्रयोगशाला एवं वृहद गो संरक्षण केंद्र (कुल संख्या-165)
  • वर्गीकृत वीर्य उत्पादन केंद्र (बाबूगढ़ हापुड़)
  • महिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ शाहजहांपुर का शुभारंभ
  • नोएडा एवं मुरादाबाद डेयरी का पुननिर्माण
  • कन्नौज डेयरी की स्थापना

जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया

  • मथुरा, नंदगांव, गोवर्धन, छाता, बरसाना, में पर्यटन के सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्वार, पुर्ननिर्माण एवं सड़क निर्माण के कार्य
  • मथुरा में पेयजल पुर्नगठन कार्य एवं स्टार्म वाटर ड्रेनेज परियोजनाएं
  • बीमार पशुओं के इलाज हेतु किसान हेल्पलाइन संजीवनी को समस्त जिलों में लागू किया जाना।
  • मथुरा डेयरी प्लांट के उत्पादन क्षमता को 60 हजार लीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर 1 लाख लीटर प्रतिदिन किया जाना।
  • वर्गीकृत वीर्य उत्पादन केंद्र, बाबूगढ़-हापुड़ का विस्तारीकरण
  • बांदा डेयरी की स्थापना (बुंदेलखंड पैकेज के अन्तर्गत)
  • गोवर्धन परिक्रमा हेतु गिर्राज जी के चारों ओर सड़क के नव निर्माण का कार्य

WhatsApp पर न्यूज़ Updates पाने के लिए हमारे नंबर 8847567663 को अपने Mobile में Save करके इस नंबर पर Missed Call करें। हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।

PM नरेंद्र मोदी ने कृष्ण नगरी मथुरा से किया 'स्वच्छता ही मिशन' अभियान का लांच

















TAGGED:
Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *