डेली संवाद, चंडीगढ़
पंजाब के उप चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और अकाली दल-भाजपा गठबंधन के बीच है। इसके अलावा आप, बसपा और लोक इंसाफ पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं। जलालाबाद सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के सांसद चुने जाने के कारण खाली हुई थी। दाखा सीट आप के एचएस फूलका के इस्तीफा देने से और फगवाड़ा सीट भाजपा के सोम प्रकाश के सांसद चुने जाने के कारण खाली हुई थी।
भाजपा के सहयोगी अकाली दल ने दाखा से मनप्रीत सिंह अयाली और जलालाबाद से राज सिंह डिबीपुरा को उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा ने फगवाड़ा से राजेश बग्गा और मुकेरियां से जंगी लाल महाजन को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने मुकेरियां से प्रो. जीएस मुल्तानी, फगवाड़ा से संतोष कुमार गोगी, जलालाबाद से महिंदर कचूरा और दाखा से अमनदीप सिंह मोही को मैदान में उतारा है।