नई दिल्ली। दिग्गज ई कॉमर्स कंपनी अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस से दुनिया के सबसे अमीर शख्स का ताज छिन गया है। उनकी जगह अब बिल गेट्स ने ले ली है। गुरुवार को अमेजन ने अपने तिमाही नतीजों की घोषणा की, जिसके बाद कंपनी के शेयरों में सात फीसदी की गिरावट आई है।
यही कारण है, जिसकी वजह से बेजोस की संपत्ति घटकर 103.9 अरब डॉलर हो गई है और पहले स्थान पर बिल गेट्स ने कब्जा कर लिया है। बिल गेट्स की संपत्ति 105.7 अरब अमेरिकी डॉलर है। बिल गेट्स माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक हैं।
अमेजन ने जुलाई-सितंबर तिमाही नतीजे घोषित कर दिए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल कंपनी के मुनाफे में 28 फीसदी की गिरावट आई है। इस दौरान अमेजन को 14,910 करोड़ रुपये यानी 2.1 अरब डॉलर का मुनाफा हुआ है।
2017 के बाद पहली बार लाभ में आई कमी
साल 2018 में बेजोस बिल गेट्स को पीछे छोड़कर सबसे अमीर व्यक्ति बने थे। उससे पहले बिल गेट्स 24 साल तक दुनिया के सबसे अमीर शख्स रहे हैं। साल 2017 के बाद से अमेजन के लाभ में यह पहली कमी है। 1987 में बिल गेट्स को पहली बार दुनिया के अमीर शख्स के तौर पर फोर्ब्स की लिस्ट में शामिल किया गया था। हालांकि बेजोस 1998 में अमेरिका के 400 सबसे अमीर की लिस्ट में शामिल किए गए थे।
इसलिए कम हुआ मुनाफा
दरअसल, ऑर्डर डिलीवरी में तेजी लाने के लिए अमेजन ने भारी निवेश किया है, जिसकी वजह से मुनाफे में कमी देखने को मिली। अमेजन ने अपने प्राइम मेंबर्स के लिए एक बड़ा एलान किया था। अमेजन ने प्राइम मेंबर्स के लिए दो दिन के बजाय सिर्फ एक ही दिन में डिलीवरी मिलने का एलान किया था।
इससे पहले कंपनी ग्राहकों को दो दिन में डिलीवरी देती थी। इससे कंपनी के शिपिंग खर्च में बढ़ोतरी हुई है। इस संदर्भ में कंपनी के सीईओ जेफ बेजोस ने कहा है कि लंबी अवधि के लिए निवेश फायदेमंद होगा। ग्राहक दो दिन के बजाय एक दिन में डिलीवरी की सुविधा को पसंद कर रहे हैं।
इतना बढ़ा शिपिंग खर्च
डिलीवरी के इस एलान के बाद अमेजन का शिपिंग खर्च काफी बढ़ा है। सितंबर तिमाही में कंपनी का शिपिंग खर्च 46 फीसदी बढ़कर 68,160 करोड़ रुपये यानी 9.6 अरब डॉलर रहा। हालांकि एक दिन में डिलीवरी मिलने के एलान से कंपनी के बिक्री में इजाफा भी हुआ है। इससे कंपनी का रेवेन्यू 24 फीसदी बढ़ा है। सितंबर तिमाही में यह 4.97 लाख करोड़ रुपये यानी 70 अरब डॉलर रहा। जबकि पिछले साल सितंबर में यह 56.6 अरब डॉलर था।
अक्तूबर-दिसंबर में इतने मुनाफे की उम्मीद
अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी को 80 अरब से 86.5 अरब डॉलर के रेवेन्यू और 1.2 अरब डॉलर से 2.9 अरब डॉलर के मुनाफे की उम्मीद है। मुनाफे में प्रमुख हिस्सेदारी वाली वेब सर्विस (एडब्ल्यूएस) से कंपनी को 63,900 करोड़ रुपये यानी नौ अरब डॉलर का रेवेन्यू मिला है, जो पिछले साल की सितंबर तिमाही के मुकाबले 35 फीसदी ज्यादा है।