उत्तराखंड में ठंड ने तोड़े कई सालों के रिकॉर्ड, बर्फबारी के कारण गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे बंद

Daily Samvad
2 Min Read

देहरादून। दो दिन चटख धूप खिलने के बाद आज शनिवार को एक बार फिर देहरादून में मौसम खराब हो गया। राजधानी में सुबह से बादल छाए रहे। हालांकि बाद में धूप खिल आई।

रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, चमोली, रानीखेत, जसपुर, काशीपुर, रुद्रपुर और पंतनगर में आसमान में बादल छाए हैं। यहां सर्द हवाएं चलने से ठंड में इजाफा हो गया है। पिथौरागढ़ में मौसम साफ है। रीठा साहिब, भीमताल और डीडीहाट में धूप खिली हुई है। रामनगर में कोहरा छाया हुआ है। बाजपुर में कोहरा और बादल छाए हैं।

हरिद्वार में मौसम साफ है। यहां हल्की धूप के साथ ठंड का असर बना हुआ है। यमुनोत्री घाटी में बादल छाए हुए हैं। बर्फबारी के कारण कई दिनों से बंद पड़ा यमुनोत्री हाईवे अभी भी बंद हैं। मार्ग खोलने के प्रयास जारी है।

ठंड ने तोड़ा सात वर्षों का रिकॉर्ड

बारिश, बर्फबारी के बाद शीतलहर और गलन के कारण कुमाऊं के इलाकों में हाड़कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। इस ठंड ने सात वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है। शुक्रवार सुबह से ही हल्द्वानी में धूप खिली थी। बावजूद इसके शीतलहर और गलन ने बेहाल कर रखा था।

अधिकतम तापमान 12.5 और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी 88 प्रतिशत रही और हवाएं 4.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पश्चिम दिशा से चलीं। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 11.0 और न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।

कोहरा छाने की संभावना

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 जनवरी को ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ 13 जनवरी से फिर सक्रिय होगा। 13 से 16 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।




728

728
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *