मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गोरखनाथ से मांगी देश और प्रदेश के सुख, शांति और समृद्धि की मन्नत

Daily Samvad
4 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

पीठाधीश्वर के रूप में निभाई सदियों पुरानी परंपरा, मकर संक्राति को तडक़े चढ़ायी बाबा को खिचड़ी

डेली संवाद, गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बतौर पीठाधीश्वर मकर संक्रांति (15 जनवरी) को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया। तड़के करीब तीन बजे मंदिर का कपाट खुलते ही विधिवत पूजन अर्चन के साथ पीठाधीश्वर ने बाबा गोरखनाथ को पहली खिचड़ी चढ़ायी। साथ ही देश एवं प्रदेश की सुख, समृद्धि और शांति की मन्नत मांगी। परंपरा के अनुसार तुरंत बाद नेपाल के राजा की ओर से आयी खिचड़ी चढ़ी।

इसके बाद तो लाखों की संख्या में आये श्रद्धालुओं ने बाबा की जयघोष के साथ खिचड़ी (चावल-दाल) की बरसात कर दी। फर्क सिर्फ यह रहा कि दोपहर तक दूर-दराज से आये लोगों की संख्या अधिक थी और दोपहर बाद शहरी लोगों की। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा।

मंदिर में दिखा आस्था और भक्ति का संगम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूरा समय श्रद्धालुओं और खासकर अपने शहर के अपनों के ही बीच ही गुजरा। हर मिलने वालों से पहले की ही तरह उन्होंने प्रसाद के रूप में लइया-तिल लेने का आग्रह किया। दोपहर बाद हजारों लोगों के साथ सहभोज में भी शामिल हुए।

कुल मिलाकर मुख्य मंदिर का परिसर बुधवार को आस्था, भक्ति और अपनेपन के संगम के रूप में दिखा। सोमवार की रात से ही शहर के सारे रास्तों पर चलने वालों का गंतव्य मंदिर ही था।

माह भर चलता है खिचड़ी मेला

मंदिर परिसर में मकर संक्रांति से शुरू खिचड़ी मेला करीब एक महीने तक चलता है। इस दौरान पड़ने वाले हर रविवार और मंगलवार का अपना महत्व है। इन दिनों वहां पर भारी संख्या में श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ाने आते हैं। चूंकि यह उत्तर भारत के बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है।

लिहाजा खिचड़ी मेले में पूरे उत्तर भारत से लाखों की संख्या में लोग आते हैं। इसमें से अधिकांश नेपाल-बिहार व पूर्वांचल के दूर-दराज के इलाकों के लोग होते हैं। कुछ बाबा से मांगी मन्नत पूरी होने पर अपनी आस्था जताने आते हैं और कुछ मन्नत मांगने। यह सिलसिला सदियों से जारी है।

सदियों पुरानी है खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा

गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा सदियों पुरानी है। किदंवतियों के अनुसार त्रेता युग में अवतारी और सिद्ध गुरु गोरक्षनाथ भिक्षाटन के दौरान हिमाचल के कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध ज्वाला देवी मंदिर गये।

देवी प्रकट हुईं और गुरु गोरक्षनाथ को भोजन का आमंत्रण दिया। वहां के तामसी भोजन को देखकर गोरक्षनाथ ने कहा मैं तो भिक्षाटन से मिले चावल-दाल को ही ग्रहण करता हूं। इस पर देवी ने कहा कि मैं चावल-दाल पकाने के लिए पानी गरम करती हूं। आप भिक्षाटन कर चावल-दाल लाएं।

हिमाचल के तराई गोरखपुर में आ गए महाराज

गुरु गोरक्षनाथ वहां से भिक्षाटन करते हुए हिमालय की तराई में स्थित गोरखपुर आ गये। वहां उन्होंने राप्ती और रोहिणी नदी के संगम पर एक मनोरम जगह पर अपना अक्षय भिक्षापात्र रखा और साधना में लीन हो गये।

इस बीच खिचड़ी का पर्व आया एक तेजस्वी योगी को ध्यानमग्न देखकर लोग उसके भिक्षापात्र में चावल-दाल डालने लगे, पर वह तो अक्षय पात्र था। लिहाजा भरने से रहा। लोग इसे सिद्ध योगी का चमत्कार मानकर अभिभूत हो गये। तबसे गोरखपुर में बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा चली आ रही है।



















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *