चंडीगढ़। शहर में शनिवार शाम सेक्टर 32 डी में एक मकान में चलाए जा रहे गर्ल्स पीजी में आग लग गई। इससे तीन लड़कियां जिंदा जल गई, जबकि दो लड़कियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, एक लड़की ने पहली मंजिल से स्थित इस पेइंग गेस्ट हाऊस की छत से कूद कर अपनी जान बचाई। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
[ads1]
आगजनी के हादसे में मारी गई लड़कियों की पहचान रिया, पंछी और मुस्कान के तौर पर हुई है। इनमें दो पंजाब और एक हरियाणा की रहने वाली थी। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने क्षेत्र को अपने घेरे में ले लिया है।
पीजी में लोगों ने अचानक धुंआ उठता हुआ देखा
बताया जा रहा है कि पीजी में लोगों ने अचानक धुंआ उठता हुआ देखा। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम व पुलिस पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। अंदर जाकर देखा तो वहां पांच लड़कियां बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में पड़ी थी। उन्हें जीएमसीएच 32 अस्पताल में ले जाया गया, जहां तीन लड़कियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लड़कियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
[ads2]
पीजी में लगभग 25 बच्चों के रहने की व्यवस्था
मरने वाली लड़की मुस्कान हरियाणा के हिसार, रिया पंजाब के कपूरथला और पंछी पंजाब के कोटकपूरा की रहने वाली थी। लड़कियों की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पंछी व मुस्कान एसडी कालेज में एमकॉम की छात्रा थीं। पीजी में लगभग 25 बच्चों के रहने की व्यवस्था है, लेकिन अभी यहां चार-पांच लड़कियां ही रह रही थीं। आग कैसे लगी अभी इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि यह पीजी रजिस्टर्ड नहीं है। यहां अवैध रूप से पीजी चलाया जा रहा था। (साथ में jagran से इनपुट)