BREAKING: नाजुक दौर में पंजाब, सरकारी विभागों के तेल खर्चों में 25% कटौती, नेताओं की सुरक्षा भी घटेगी, कैप्टन ने दिए लॉकडाउन खुलने के संकेत

Daily Samvad
5 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

लोगों को अनिश्चित समय के लिए लॉकडाउन में नहीं रखा जा सकता : मुख्यमंत्री

डेली संवाद, चंडीगढ़
केंद्र सरकार से किसी मदद की अनुपस्थिति में कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई के खर्चों की पूर्ति के लिए पंजाब सरकार ने आज सभी सरकारी विभागों के तेल उत्पादों के खर्चों में 25 प्रतिशत की कटौती करने समेत कई खर्चे घटाने का ऐलान किया है। कोविड-19 के विरुद्ध जंग में सीधे तौर पर शामिल स्वास्थ्य, मैडीकल शिक्षा, पुलिस, खाद्य और कृषि विभाग इसके दायरे में नहीं आएंगे।

यह कटौती उस समय तक लागू रहेगी, जब तक वित्त विभाग वाहनों के अधिकारों, व्हीकल मॉडल और पेट्रोल / डीजल की सीमा संबंधी समीक्षा करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को विचार करने के लिए फिर से नहीं सौंपता। यह फैसला मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के नेतृत्व में वित्त संबंधी सब-कमेटी की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये हुई मीटिंग के दौरान लिया गया।

[ads2]

20-सदस्यीय समिति की रिपोर्ट अगले हफ्ते

कमेटी ने मौजूदा स्थिति में से बाहर निकलने की जरूरत पर ज़ोर देते हुए कहा कि राज्य को अनिश्चित समय के लिए लॉकडाउन में नहीं रखा जा सकता। इस संबंधी रणनीति तैयार करने में जुटी माहिरों की 20-सदस्यीय समिति की रिपोर्ट अगले हफ्ते आने की संभावना है। सभी राजस्व प्राप्तियों में बड़ी कमी आने के कारण राज्य में नाजुक वित्तीय स्थिति संबंधी वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल द्वारा जाहिर की गई गंभीर चिंताओं के मद्देनजर मीटिंग ने फैसला किया कि अंतरिम कदम के तौर पर सख्त फैसले लेने की जरूरत है जिससे राज्य को इस कठिन समय पर काबू पाने में मदद मिल सके।

मीटिंग में यह भी फैसला लिया गया कि उन व्यक्तियों जिनके पास न तो कोई सार्वजनिक पद है और न ही पहले कोई सार्वजनिक पद संभाला हो, की सुरक्षा संबंधी नियमों और खर्चों संबंधी 15 मई तक समीक्षा की जाये जिससे इन पर संभावित खर्चों की कटौती संबंधी कोई फैसला लिया जा सके। गौरतलब है कि राज्य में मुख्यमंत्री समेत कई सुरक्षाप्राप्त व्यक्तियों के सुरक्षा अमले में पहले ही कटौती करते हुए उस फोर्स को कफ्र्यू प्रबंधन के अति जरुरी काम और कोविड राहत ड्यूटियों पर तैनात कर दिया गया था।

बजट में 1625.87 करोड़ रुपए की कटौती

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में अति आवश्यक राजस्व को जुटाने के लिए एक और कदम उठाते हुए राज्य के सभी प्रशासनिक विभागों को उनके अधीन सोसायटियों के पास मौजूद धनराशि में से सोसाइटियों के दो महीनों के चलाने और रख-रखाव (ओ. एंड एम.) के खर्चों को रखकर बाकी राशि को 30 अप्रैल तक राज्य के खज़ाने में जमा करवाने के लिए कहा है। विभिन्न विभागों में 40 के करीब ऐसी सोसाइटियां काम कर रही हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंस ने विभिन्न प्रशासनिक विभागों द्वारा दिए गए सुझाव पर बजट में 1625.87 करोड़ रुपए की कटौती को भी मंजूर कर लिया। इस संबंधी जून 2020 में दोबारा समीक्षा भी होगी। मीटिंग में मुख्यमंत्री के उस घोषणा को भी औपचारिक मंजूरी दे दी गई जिसमें उन्होंने ड्यूटी दौरान कोविड-19 से राज्य सरकार के किसी भी सरकारी कर्मचारी की मौत होने की सूरत में उसके आश्रित या कानूनी वारिस को 50 लाख रुपए की एक्स ग्रेशिया अनुदान देने का फैसला किया था।

[ads1]

राज्य की वित्तीय हालत संबंधी दोबारा समीक्षा की जायेगी

इसी दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को कहा कि वह कोविड से सम्बन्धित खर्चों संबंधी व्यापक बजट तैयार करे। यह भी फैसला किया गया कि वित्त विभाग स्वास्थ्य एवं मैडीकल शिक्षा विभागों और राहत व पुनर्वास विभाग की जरूरतें पूरी करने के बाद 30 जून 2020 तक के पक्के खर्चे मुहैया करवाएगा और जून के पहले हफ्ते में राज्य की वित्तीय हालत संबंधी दोबारा समीक्षा की जायेगी। कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने राज्य सरकार के पास मौजूद टेस्टिंग किटों की अपर्याप्त संख्या पर चिंता जाहिर करते हुए विभागों को टैस्टों की संख्या बढ़ाने के लिए तरीके ढूँढने के लिए कहा।

खरीद प्रक्रिया निर्विघ्न और सुचारू ढंग से जारी रखने और किसानों को बिना किसी देरी के अदायगी यकीनी बनाने के लिए यह फैसला लिया गया कि खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामले विभाग खरीफ सीजन 2020-21 की शुरुआत से पहले लागत शीट के विभिन्न भागों से जुड़े मुद्दों के हल के लिए यह मामला भारत सरकार आगे रखेगा, जिससे राज्य में सी.सी.एल. का कोई अंतर न रहे। यह फैसला लिया गया कि खाद्य एवं सिविल सप्लाई और कृषि विभाग गेहूँ की कोविड मुक्त निर्विघ्न खरीद को यकीनी बनाने के लिए हर संभव उपाय करेंगे।















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *