लखीमपुर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में 13 साल की बच्ची की रेप के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि बच्ची का जब शव गन्ने के खेत में मिला तो उसकी आंखें बाहर निकली हुई थीं। जुबान कटी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई है।
[ads2]
घटना नेपाल बॉर्डर के ईसानगर इलाके की है। यहां रहने वाला एक परिवार लखनऊ में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। लेकिन कोरोना के चलते लगे लॉकडाउन में पूरा परिवार गांव लौट आया था। शुक्रवार को बच्ची सुबह करीब 10 बजे घर से बाहर निकली थी। लेकिन दोपहर बाद तक जब वह नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
शुक्रवार रात बच्ची का शव गांव से बाहर एक गन्ने के खेत में मिला। पिता का आरोप है कि बच्ची की आंखें निकली हुई थीं और जुबान कटी हुई थी। गला दुपट्टे से कसा गया था। लखीमपुर के एसपी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम में बच्ची के साथ रेप की पुष्टि हुई है। लेकिन, आंख फोड़ने व जीभ काटने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
[ads1]
पिता ने लगाया सनसनीखेज आरोप
बच्ची के पिता ने बताया कि मेरे बताने पर जिन दो लोगों को पुलिस ने पकड़ा गया है, मुझे नहीं पता कि वह सही आरोपी हैं या नहीं। वह संदिग्ध लगे तो हमने उन्हें बताया। बाकी पुलिस जांच करें और सही आरोपियों को पकड़े। हमें इंसाफ चाहिए, दोषियों को फांसी दी जानी चाहिए।