देहरादून। सत्ताधारी BJP के विधायक महेश नेगी (Mahesh Negi) पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने यहां नेहरू कॉलोनी पुलिस थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि विधायक ने साल 2016 से उसके साथ नैनीताल, दिल्ली, मसूरी तथा देहरादून आदि अलग-अलग स्थानों पर कथित तौर पर दुष्कर्म किया। महिला ने दावा किया कि विधायक से उसकी एक बच्ची भी है और उसका DNA टेस्ट कर सत्यता का पता लगाया जा सकता है।
[ads2]
महिला ने कहा है कि वह अपनी मां की बीमारी के इलाज के सिलसिले में विधायक से मिली थी। इससे पहले, विधायक की पत्नी रीता नेगी (Reeta Negi) ने भी महिला पर अपने पति को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए नेहरू कॉलोनी पुलिस थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया है। रीता ने आरोप लगाया है कि महिला उनके पति को बदनाम कर रही है। विधायक की पत्नी ने अपनी शिकायत में कहा है कि महिला और उसका परिवार उनके पति को ब्लैकमेल कर पांच करोड रुपये मांग रहा है।
[ads1]
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था, अशोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच शुरू कर दी गयी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोप लगाने वाली महिला की बच्ची का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है और कहा है कि इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।