विश्लेषण : बिहार और अमेरिका चुनाव के शोरगुल के बीच शिवराज सिंह ने बचा ली अपनी कुर्सी

Daily Samvad
7 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 7 मिनट पढ़ने का समय|📝 876 शब्द|📅 20 Nov 2020

राष्ट्रीय पटल पर चर्चा से दूर रहे मप्र उप चुनाव

mp voting

आलोक शर्मा
डेली संवाद, नई दिल्ली

मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार बच गई। उप चुनावों में भाजपा ने 28 सीटों में से 19 जीत लीं, जबकि सरकार बचाने के लिए उसे 9 सीटों की ही जरूरत थी। कांग्रेस को 9 सीटों पर सफलता मिली। हालांकि, अमेरिका और बिहार चुनाव की चर्चाओं के बीच मध्य प्रदेश के उप चुनाव दबकर रह गए। मीडिया में इन्हें ज्यादा स्पेस नहीं मिला, जबकि राज्य में सत्ता परिवर्तन की संभावनाएं थीं।

दिसंबर 2018 में जब मध्य प्रदेश में चुनाव हुए थे, तब कांग्रेस ने 114 सीटें जीती थीं। भाजपा को 109 सीटें मिली थीं। अन्य के खाते में 7 सीटें गईं थीं। राज्य में बहुमत के लिए 116 सीटों चाहिए। मुख्यमंत्री पद के दावेदार कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया थे, लेकिन कुर्सी पर बैठ कमलनाथ गए थे। तभी से सिंधिया नाखुश चल रहे थे। कमलनाथ सरकार को चलते हुए 14 महीने ही बीते थे कि सिंधिया ने बगावत कर दी। उन्होंने न केवल भाजपा का दामन थामा, बल्कि अपने समर्थक 22 विधायकों के इस्तीफे दिलवा दिए।

इस्तीफों से विधानसभा का समीकरण बदल गया

इस्तीफों से विधानसभा का समीकरण बदल गया। भाजपा के 107 और कांग्रेस के 87 विधायक रह गए। विधायकों के इस्तीफों से सदन की संख्या भी घटकर 201 रह गई और बहुमत से शिवराज सिंह चौहान 14 महीने बाद पुनः मुख्यमंत्री बन गए। कुर्सी पर बैठते हुए शिवराज की चुनौतियां शुरू हो गईं। उनकी राह आसान नहीं थी। कोरोना महामारी के कारण उप चुनाव टलते चले गए। आखिरकार चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के साथ इन्हें कराने की घोषणा की।

चूंकि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी, सो 28 सीटों के मध्य प्रदेश के उप चुनावों की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर बेहद सीमित होकर रह गई। बिहार से पहले अमेरिकी चुनावों के शोर ने भी मध्य प्रदेश उप चुनावों की चमक को मंद ही किया। सरकार दांव पर लगी होने के बावजूद भाजपा या कांग्रेस के दिग्गज नेता मध्य प्रदेश नहीं आए, वरना 28 सीटों पर चुनाव कोई छोटा चुनाव नहीं होता। गोवा, दिल्ली या उत्तर-पूर्व के राज्यों में तो इतनी सीटों से आधी विधानसभा भर जाती हैं।

49.5 प्रतिशत वोट हासिल करके 19 सीटें जीतीं भाजपा

नतीजों को देखें तो भाजपा ने 49.5 प्रतिशत वोट हासिल करके 19 सीटें जीतीं। कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं और उसे 40.5 प्रतिशत वोट मिले। 2018 में 2 सीटें जीतने वाली बहुजन समाज पार्टी ने भी 5.75 प्रतिशत वोट हासिल किए। हालांकि, उसे किसी सीट पर जीत नहीं मिली। कई सीटों पर कड़ी टक्कर देखने को मिली।

भांडेर सीट पर तो भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस उम्मीदवार को मात्र 161 वोटों से हराया। आगर में कांग्रेस 1998 वोटों से जीत पाई। शिवराज सिंह चौहान की कैबिनेट के तीन मंत्री इमरती देवी, गिर्राज दंडोतिया और रघुराज कंसाना को हार का मुंह देखना पड़ा। सिंधिया के लिए यह सुखद रहा कि उनके 19 में से 13 लोग जीत गए। हालांकि, सिंधिया गुट को छोड़ दें तो भाजपा 107 से 113 हो गई है। बसपा के दो विधायक और एक निर्दलीय उसके पक्ष में हैं। उप चुनाव से ठीक पहले एक और कांग्रेस विधायक के इस्तीफे से सदन की संख्या 229 है, ऐसे में बिना सिंधिया गुट के भी भाजपा बहुमत में है।

बिहार चुनाव के साथ एक फ्रेम में देखा जा सकता है

मध्य प्रदेश उप चुनावों को अमेरिका और बिहार चुनाव के साथ एक फ्रेम में देखा जा सकता है। एक तरफ अमेरिकी चुनावों ने द्विध्रुवी विचारधाराओं को मजबूत करने और समाज के विभाजन में योगदान दिया तो बिहार चुनाव में थोड़ी नवीनता यह रही कि मतदाताओं ने राजनीतिक दलों को कड़ा संदेश दिया। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजद को तेजस्वी यादव की अगुवाई वाले महागठबंधन ने कड़ी टक्कर दी। मुकाबला बेहद करीबी क्रिकेट के टी-20 मैच वाले अंदाज में रहा। कुछ ऐसा ही अमेरिका में भी चल रहा है।

उप चुनावों में शिवराज सिंह चौहान के समक्ष पांच चुनौतियां स्पष्ट रूप से देखी गईं। एक – कहने को भले ही उप चुनाव थे, लेकिन हार-जीत से सत्ता परिवर्तन भी संभव था, इसलिए इसको हल्के में कतई नहीं लिया जा सकता था। दो – कांग्रेस से भाजपा में आए नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं को साथ रखना चुनौतीपूर्ण रहा। तीन – कांग्रेस से भाजपा में आए नेताओं और भाजपा के नेताओं के बीच सामंजस्य स्थापित करना आसान नहीं रहा। चार – टिकट वितरण में जिन भाजपा के नेताओं को टिकट नहीं मिल पाया उनमें भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर उनके नेटवर्क का चुनावों में लाभ लेना कठिन कार्य था। पांच – भाजपा वैसे तो संगठनात्मक अनुशासन की एकता के लिए जानी जाती है, लेकिन इस उप चुनाव में भाजपा का स्वरूप कई क्षत्रपों वाली कांग्रेस जैसा प्रतीत हो रहा था।

शिवराज सिंह चौहान ने न सिर्फ अपने वोटों पर पकड़ बनाई

एक बात और गौर करने वाली यह भी है कि इस उप चुनाव में भाजपा की ओर से जीतने वाले प्रत्याशियों के जीत का अंतर 2018 विधानसभा चुनाव से भी अधिक था, जो इस बात का इशारा करते हैं कि शिवराज सिंह चौहान ने न सिर्फ अपने वोटों पर पकड़ बनाई हुई है, बल्कि कांग्रेस पार्टी के वोटों को भी काफी हद तक भाजपा की ओर लाने में सफल हुए हैं और पुराने कांग्रेसियों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ा है।

















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *