उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह के दूसरे दिन सीएम योगी ने जारी किया नोएडा थीम सांग। नोएडा हाट में सीएम ने किया ओडीओपी प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, बोले, ‘आत्मनिर्भर भारत’ की बुनियाद मजबूत कर रही ओडीओपी योजना।

महाबीर जायसवाल
@mahabirjaiswal
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा को ‘यूपी की शान’ कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आर्थिक दृष्टिकोण से उत्तर प्रदेश का सबसे उन्नत और उच्चस्तरीय आधुनिक जीवन शैली वाले नोएडा में विकास के प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट और विश्वस्तरीय फ़िल्म सिटी की स्थापना लोककल्याण के संकल्पों को पूरा करने की दिशा में मील के पत्थर साबित होंगे। इससे निवेश ही की अनन्त संभावनाओं के द्वार खुल जाएंगे। इस पूरे क्षेत्र को औद्योगिक विकास के पैमाने पर नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी, सोमवार को प्रदेश की स्थापना की वर्षगांठ के तीन दिनी समारोह के दूसरे दिन नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में जनता से मुखातिब थे। मौसम की खराबी के कारण नोएडा हाट में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भौतिक रूप से प्रतिभाग नहीं कर सके। लिहाजा उन्होंने इस कार्यक्रम में अपने सरकारी आवास वर्चुअली सहभगिता की। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा नोएडा में बायोडाइवर्सिटी पार्क के लोकार्पण सहित जनसुविधा से जुड़ी 700 करोड़ रुपये से लागत वाली 66 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
साथ ही, उन्होंने ओडीओपी योजनान्तर्गत टूलकिट का वितरण, स्वयं सहायता समूहों को आरएफ, सीआईएफ, सीसीएल का वितरण, कृषि विभाग द्वारा उपकरण वितरण तथा विकास भवन को आईएसओ प्रमाण पत्र प्रदान किया। विकास कार्यों को गति देने के लिए सीएम योगी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना की।
उत्तर प्रदेश के हर जिले में उद्यम का माहौल
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर नोएडा हाट में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) सहित नोएडा में संचालित अथवा प्रस्तावित नई परियोजनाओं से जुड़ी विभिन्न प्रदर्शनियां भी लगाई गई थीं।प्रदर्शनी का वर्चुअल अवलोकन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए वह स्थान अनुकूल होता है, जहां पूर्व से ही परंपरागत उद्यम क्लस्टर हों। पूंजी निवेश भी ऐसे ही क्लस्टरों में होगा। ऐसे में हमारे यूपी के हर जिले में कुछ न कुछ खास हैं।
यह भी देखें- किसान आंदोलन में आखिर क्यों हुआ कांग्रेसी सांसद रवनीत बिट्टू पर हमला, Live
ओडीओपी योजना के जरिए इसी खास को हम बेहद खास बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘आत्म निर्भर भारत’ का जो मंत्र दिया है, उसे हमारे परंपरागत उद्यमों के शिल्पी ओडीओपी योजना के जरिए साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओडीओपी ने शिल्पकारों को मंच और मौका दोनों दिया है। योजना के जरिए सरकार उनके साथ प्रशिक्षण से लेकर बाजार तक इन शिल्पियों के साथ है। इसके नाते उनके जीवन में व्यापक परिवर्तन हो रहा है। बड़ी संख्या में रोजगार सृजित हुए हैं। सीएम ने कहा कि नोएडा हाट में लगी यह ओडीओपी प्रदर्शनी, जो, 10 फरवरी तक चलेगी, पश्चिमी उत्तर प्रदेशवासियों के साथ-साथ एनसीआर के अन्य क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
यूपी बनेगा 1 ट्रिलियन डाॅलर अर्थव्यवस्था का राज्य
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी के समेकित प्रयासों से नोएडा देश के सामने विकास का रोल मॉडल बन गया है। प्रधानमंत्री ने देश को 05 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य रखा है। समन्वित प्रयास और टीमवर्क करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश को शीघ्र ही 01 ट्रिलियन डाॅलर अर्थव्यवस्था का राज्य बनाया जा सकेगा।








