नई दिल्ली। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले चार महीने से आंदोलन कर रहे किसानों ने 26 मार्च, शुक्रवार को देशव्यापी भारत बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। किसान नेताओं ने कहा है कि भारत बंद में शामिल होने के लिए किसी से जबरदस्ती नहीं की जाएगी। आज संयुक्त किसान मोर्चा ने 12 घंटे का भारत बंद बुलाया है।
भारत बंद के दौरान सिंघु बॉर्डर पर किसानों ने सड़कों पर चक्का जाम लगाया। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद का असर पंजाब में भी देखने को मिला। पंजाब में किसानों ने भारत बंद के दौरान रेलवे ट्रैक पर जाम लगा दिया और गुरदासपुर में भी दुकानों को बंद किया गया है। इस दौरान झड़प की भी खबर आ रही है।
भारत बंद के दौरान कुछ कुछ प्रदर्शनकारियों का एक समूह गाजीपुर बॉर्डर पर नाचते-गाते हुए दिखाई दिया। किसानों के भारत बंद का असर पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में नजर आ रहा है। किसानों ने रूखी में रोहतक-पानीपत हाईवे जाम कर दिया। वहीं, ढकोली जीरकपुर रोड भी बंद कर दिया गया।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर लगाए बैरिकेड
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने सुबह करीब 6:00 बजे दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे की दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन को बैरिकेड लगा कर बंद कर दिया। किसान वहां पर ढोलक और घंटी बजा कर होली का आनंद भी ले रहे हैं। किसानों ने दिल्ली से कौशांबी जाने वाली लेन को भी बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है। हालांकि इस लाइन पर दिल्ली पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग लगाई हुई है मगर किसानों ने इससे कुछ दूरी पर अपनी बैरिकेडिंग लगा दी है।