मुंबई। महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ट्विटर पर शनिवार की सुबह जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा, ‘मैं लगातार टेस्ट करवा रहा था, साथ ही सारे दिशा-निर्देशों का पालन भी कर रहा था हालांकि हल्के लक्षणों के साथ मुझे पॉजिटिव पाया गया है।
सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट में लिखा है कि, उनके घर में अन्य सभी की रिपोर्ट निगेटिव आईं हैं। मैंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है और सारे प्रोटोकॉल्स का पालन भी कर रहा हूं। डॉक्टर्स की सलाह पर अमल कर रहा हूं। मुझे और विभिन्न देशों में लोगों का ख्याल रख रहे तमाम स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद भी करना चाहता हूं।’
https://twitter.com/sachin_rt/status/1375670454162239493
सचिन ने हाल में ही रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में हिस्सा लिया था और अपनी कप्तानी में इंडिया लीजेंड्स की टीम को खिताब जिताया था फाइनल मैच में श्रीलंका को हार का मुंह देखना पड़ा था।
वहीं, देश में कोरोना के आंकड़े डराने वाली दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को 62,276 नए मरीज मिले। 30,341 ठीक हुए और 292 की मौत हो गई। सबसे ज्यादा खराब हालात महाराष्ट्र के हैं। यहां एक ही दिन में 36,902 संक्रमित मिले हैं। यह आंकड़ा 11 सितंबर को आए पहले पीक से भी डेढ़ा गुना है। तब यहां 24,886 केस आए थे।
देश में अब तक 1.19 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब 1.13 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1,61,275 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 4.49 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।







