Big News: नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 5 सुरक्षाकर्मी शहीद, 28 घायल

Daily Samvad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
⏱️ 5 मिनट पढ़ने का समय|📝 567 शब्द|📅 03 Apr 2021

naxali attack

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के धुर नक्सल प्रभावित तर्रेम थाना क्षेत्र के जोन्नागुड़ा के जंगल में शनिवार दोपहर पुलिस व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच जवान शहीद हो गए, जबकि 28 घायल हैं। जिस इलाके में मुठभेड़ हुई, वह बेहद दुर्गम है। इसके चलते देर शाम तक विरोधाभासी सूचनाएं मिलती रहीं। पुलिस मुख्यालय ने पांच जवानों के शहादत की पुष्टि की है, जबकि बस्तर आइजी सुंदरराज पी ने कोबरा बटालियन के सिर्फ एक जवान की शहादत की बात स्वीकारी है। उन्होंने मौके से एक महिला नक्सली का शव बरामद होने की भी जानकारी दी है। साथ ही दावा किया है कि मुठभेड़ में कम से कम 15 अन्य नक्सली मारे गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, शहीद और घायल जवानों की संख्या बढ़ सकती है। रात आठ बजे तक फोर्स लौटी नहीं है। बीजापुर जिला अस्पताल में 21 घायल जवानों को लाया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल सात जवानों को हेलीकॉफ्टर से रायपुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त करते हुए उनके स्वजनों के प्रति संवेदना जताई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरी संवेदना छत्तीसगढ़ में माओवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए लोगों के परिवारों के साथ है। वीर शहीदों की कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। घायल जल्द से जल्द ठीक होंगे।

दुर्दांत नक्सली कमांडर हिड़मा को तलाशने के लिए निकली थी फोर्स

नक्सली इन दिनों टेक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैंपेन (टीसीओसी) चला रहे हैं। इसमें वे हर साल बड़ी वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। नारायणपुर जिले में 23 मार्च को जवानों से भरी बस को विस्फोट कर नक्सलियों ने उड़ा दिया था। इसमें पांच जवान शहीद हुए थे। शनिवार को नक्सलियों ने दस दिन के भीतर दूसरी बड़ी वारदात कर डाली। जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी दूर तर्रेंम थाना क्षेत्र सिलगेर गांव के पास के जंगल में नक्सलियों की बटालियन नंबर एक के कमांडर दुर्दांत नक्सली हिड़मा की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी। इस आधार पर शुक्रवार को डीआरजी (डिस्टि्रक्ट रिजर्व गार्ड), सीआरपीएफ, एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) व कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम रवाना की गई थी।

इसमें तर्रेम से 760 जवान, उसूर से 200, पामेड़ से 195, सुकमा जिले के मिनपा से 483 व नरसापुरम से 420 जवानों को मिलाकर कुल 2059 जवान शामिल थे। शनिवार को सर्चिंग से वापसी के दौरान बीजापुर के तर्रेम व सुकमा के सिलगेर के बीच जोन्नागुड़ा के जंगल में फोर्स की एक टुकड़ी को नक्सलियों ने एंबुश (चौतरफा घेर लेना) में फंसा लिया। बताया जा रहा है कि नक्सली पहाड़ी पर थे जबकि फोर्स खुले मैदान में। अनुमान लगाया गया है कि मौके पर करीब ढाई सौ नक्सली मौजूद थे। अचानक शुरू हुई फायरिंग के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और बहादुरी के साथ मुकाबला किया। दोपहर 12 बजे से करीब तीन घंटे तक दोनों ओर से लगातार फायरिंग चलती रही।

असम का जवान हुआ शहीद

मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक, बस्तरिया बटालियन के दो व डीआरजी के दो जवान शहीद हुए हैं। मौके से एक महिला नक्सली का शव मिला है, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शहीद व घायल जवानों का नाम नहीं मिल पाए हैं। सीआरपीएफ कोबरा के शहीद जवान बबलू रब्बा हैं, जो मूल रूप से असम के निवासी थे। छत्तीसगढ़ के डीजीपी डीएम अवस्थी ने कहा कि मुठभेड़ में जवानों की शहादत हुई है। नक्सलियों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। टीम अभी लौटी नहीं है। उसके पहुंचने पर ही वस्तुस्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *