चंडीगढ़। चंडीगढ़ में कोरोना के बिगड़ते हालात के बीच प्रशासन ने पंजाब की तर्ज पर शहर में सख्ती और बढ़ा दी हैं। यूटी प्रशासक के मुताबिक अब रोज शाम छह बजे से अगले दिन सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। पहले कर्फ्यू का समय रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक था।
अब चंडीगढ़ की सभी दुकानें, मॉल, मल्टीप्लेक्स व बाजार को पांच बजे से बंद करने के आदेश दिए गए हैं। होम डिलीवरी की अनुमति रात नौ बजे तक रहेंगी। ये सभी आदेश 29 अप्रैल से लागू होंगे। कर्फ्यू के दौरान सिर्फ आवश्यक गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी शैक्षणिक संस्थान, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, पुस्तकालय को 15 मई तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।
इससे पहले मंगलवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कोरोना से बिगड़ते हालात पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक की थी। उन्होंने बैठक में संकेत दिए थे कि संक्रमण से बिगड़ते हालात पर चंडीगढ़ में भी पंजाब व हरियाणा की तर्ज पर कुछ और बंदिशें लगाई जा सकती हैं।
रात के कर्फ्यू का समय बढ़ाने के साथ-साथ बाजार को शाम छह बजे बंद कर धारा 144 भी लगाई जा सकती है। मोहाली में शाम 6 बजे से कर्फ्यू है, जबकि पंचकूला में शाम 6 बजे से बाजार बंद करने के निर्देश हैं। इसके बाद बुधवार को प्रशासन की तरफ से कर्फ्यू का समय बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए गए।