लुधियाना। ससुराल से सामान उठाने आई बहू ने अपने परिवार समेत मिलकर सास पर हमला कर दिया। उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकियां दीं। वृद्धा के शोर मचाने पर जमा हुए लोगों को देख कर सभी आरोपित जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
अब घटना के 10 महीने बाद थाना डिवीजन नंबर 4 पुलिस ने जालंधर के हरबंस नगर निवासी गीतांजली, उसके भाई दीपक विज, मां कंचन विज, सौरव सरीन, दिशा धीर, राजवीर, शिफाली तथा 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
पुलिस ने बताया कि उक्त केस भाई मन्ना सिंह नगर निवासी अरुणा नरुला की शिकायत पर दर्ज किया गया। फरवरी 2021 में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में वृद्धा ने बताया कि दिसंबर 2006 में उसके बेटे अनिल नरूला की शादी गीतांजली के साथ हुई थी।
मगर गीतांजली अपने पति की गैरमौजूदगी में गैर पुरुषों के साथ बाहर चली जाती थी। 16 अगस्त 2020 को वह घर में झगड़ा करके चली गई। उसके बाद 8 सितंबर 2020 को वह उक्त आरोपितों को साथ लेकर अपना सामान उठाने के लिए आई और उस पर हमला कर दिया।







