डेली संवाद, नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान गुरुवार को हुआ। बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से वरुण गांधी को बाहर कर दिया गया है। वरुण काफी समय से सरकार की नीतियों के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे। वरुण की बयानबाजी का खामियाजा उनकी मां मेनका गांधी को भी भुगतना पड़ा है और मेनका को भी भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया है।
बीजेपी ने 80 सदस्यों की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान किया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह भी शामिल हैं। इनके अलावा मिथुन चक्रवर्ती को भी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी जगह मिली है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी से विनय कटियार को भी निकाला गया है। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक 18 अक्टूबर को होगी।
बता दें कि भाजपा महासचिव अरूण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य (पदेन) भी होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और संगठक शामिल हैं।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करती है और संगठन के कामकाज की रूपरेखा तय करती है। कोविड-19 महामारी के चलते लंबे समय से राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक नहीं हुई है।