डेली संवाद, जालंधर
पंजाब के कैबिनेट मंत्री और जालंधर कैंट के विधायक ओलंपियन परगट सिंह के खिलाफ अफवाहें फैलाई जा रही है। उनके विरोधी यह अफवाह फैला रहे हैं कि अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में परगट सिंह कैंट हल्का छोड़कर नकोदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। यह भ्रामक प्रचार उनके कुछ विरोधी लोग और विरोधी दल के नेता करने में जुटे हुए हैं।
कैबिनेट मंत्री परगट सिंह के समर्थक और अभिन्न मित्र व कांग्रेसी नेताओं ने विरोधी दल द्वारा फैलाए जा रहे इस भ्रामक प्रचार प्रसार पर करारा जवाब दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनजीत सिंह सेठी, पार्षद मोहिंदर सिंह गुल्लू, पार्षद व इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के ट्रस्टी पवन कुमार और एडवोकेट अमनप्रीत सिंह सेठी ने कहा है कि अकाली दल लगातार झूठ का सहारा ले रहा है।
उन्होंने कहा कि अब अकाली दल के कुछ नेता यह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि कैबिनेट मंत्री परगट सिंह जालंधर कैंट हल्का छोड़कर नकोदर विधानसभा से चुनाव लड़ने जा रहे हैं जो सरासर झूठ और गलत है। मनजीत सिंह सेठी, महेंद्र सिंह गुल्लू, पवन कुमार और एडवोकेट अमनप्रीत सिंह सेठी ने कहा है कि विरोधी दल परगट सिंह की कार्यप्रणाली से घबरा चुका है जिससे ऐसी भ्रामक प्रचार कर रहा है।