दुखद: वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ से अब तक 12 लोगों की मौत कई जख्मी, बचाव और राहत कार्य जारी

Daily Samvad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

जम्मू। नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत होने की खबर है। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की पुलिस ने बताया कि फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति नियंत्रण में है। सोशल मीडिया पर भगदड़ के कुछ वीडियो जारी हुए हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भगदड़ मच गई। इसके चलते बहुत से श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही वापस लौट रहे हैं। मृतक लोगों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से आए श्रद्धालु शामिल हैं।

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. गोपाल दत्त ने बताया, ‘माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ से 12 लोगों की मौत हो गई है। अब तक सही आंकड़ा सामने नहीं आया है। मृतकों का पोस्टमार्टम किया जाना है। इसके अलावा घायलों को नारायणा अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है।’ अब तक 14 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि यह हादसा तड़के 2:45 बजे हुआ। उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स में हमें यह पता चला है कि कुछ लोगों के बीच बहस हुई थी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद लोग भागने लगे, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

80 हजार के करीब श्रद्धालु पहुंचे थे

वैष्णो देवी मंदिर परिसर के ड्यूटी ऑफिसर जगदेव सिंह ने बताया कि मृतकों में एक शख्स जम्मू-कश्मीर के ही राजौरी का रहने वाला है। इसके अलावा अन्य 11 लोग देश के अलग-अलग राज्यों के हैं। अब तक मृतकों में से 7 लोगों की पहचान कर ली गई है। 5 अन्य लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल अर्धकुंवारी, बाणगंगा से यात्रा को रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि नए साल की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। मंदिर में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे। एक स्थानीय दुकानदार ने कहा कि श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की संख्या तय नहीं की थी। उन्होंने कहा कि त्रिकुटा हिल्स में ज्यादा श्रद्धालु नहीं ठहर सकते हैं। ऐसे में उन्हें कटरा बेस कैंप में ही रोकना चाहिए था और उनकी लिमिट तय करनी चाहिए थी।

घायल लोगों में कई की हालत गंभीर

घायल लोगों में से भी कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल 14 घायलों को माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। रियासी के पुलिस कंट्रोल रूम ने बताया कि बचाव एवं राहत कार्य जारी है। फिलहाल स्थिति पर नियंत्रण है। मौके पर वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के प्रतिनिधि और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हैं।

















TAGGED:
Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *