चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने पहुंचे पंजाब के कांग्रेसी नेताओं, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और मौजूदा विधायकों को चंडीगढ़ पुलिस ने आज हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, जालंधर वेस्ट हलके के पूर्व विधायक सुशील रिंकू, कैंट के विधायक परगट सिंह और जालंधर सैंट्रल हलके से पूर्व विधायक राजिंदर बेरी समेत 60 से ज्यादा नेता शामिल हैं।
यह पहली बार होगा जब विपक्षी सीएम आवास के भीतर ही धरने पर बैठे। बता दें, पंजाब में कांग्रेस के दो पूर्व मंत्रियों साधू सिंह धर्मसोत व संगत सिंह गिलजियां के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया गया है। मामले में पूर्व मंत्री साधू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिलजियां की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है।
आधा घंटा मान के आवास के बाहर धरना
विजिलेंस ब्यूरो द्वारा की गई इस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा की अगुवाई में पूर्व व वर्तमान विधायक मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने आधा घंटा मान के आवास के बाहर धरना दिया। इसके बाद उन्हें अंदर बुला दिया गया।
एक घंटे से अधिक समय तक सीएम से मुलाकात न होने पर कांग्रेस नेता सीएम आवास के भीतर ही धरने पर बैठ गए। बताया जा सीएम हाउस के अधिकारियों ने राजा वड़िंग को 5 प्रतिनिधि लेकर आने को कहा था, लेकिन वह सारे विधायक व पूर्व विधायकों को लेकर चले गए। कांग्रेस के विधायकों ने सीएम हाउस के भीतर धरना शुरू कर दिया।