मुंबई। Maharashtra New CM Oath Taking Live: महाराष्ट्र में सियासी घटनाक्रम में भाजपा ने फिर से चौंकाने वाला फैसला किया है। शिवसेना (Shiv Sena) के बागी नेता एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने जहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, वहीं उनके साथ देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण किया। भाजपा के इस फैसले से सियासी गलियारे में चर्चाएं तेज हैं। क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस बार उप मुख्यमंत्री बना दिया गया है।
शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम पद मिलने से पूरे देश में जबरदस्त सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कहा जा रहा है कि देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्तिगत तौर पर सरकार से बाहर रहने की बात कही थी लेकिन केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर उन्होंने उप-मुख्यमंत्री के तौर पर सरकार में शामिल होने का फैसला किया।
एकनाथ शिंदे के समर्थकों में खासा उत्साह
एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस को उप मुख्यमंत्री के पद का महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शपथ दिलवाया। राज्य के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के कहने पर देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र और जनता के हित में नई सरकार में शामिल होने का फैसला किया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं।
देवेन्द्र फडणवीस का बड़ा दिल
जबकि, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बीजेपी ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे जी का समर्थन करने का फैसला लिया है। देवेन्द्र फडणवीस ने भी बड़ा दिल दिखाते हुए कहा है कि वह व्यक्तिगत रूप से सरकार से बाहर रहकर समर्थन देंगे। यह हमारे नेता का चरित्र भी दर्शाता है और बताता है कि हम किसी पद के लिए नहीं हैं।