डेली संवाद, चंडीगढ़
300 units of electricity free every month in Punjab: पंजाब के लोगों को आज से हर महीने 300 यूनिट और दो महीने में 600 यूनिट बिजली फ्री मिलने लगी है। इसकी घोषणा आज मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ किया। उन्होंने कहा कि आज पंजाबियों को दी एक और गारंटी पूरी करने जा रहे हैं। आज से पूरे पंजाब में हर परिवार को हर महीने बिजली के 300 यूनिट मुफ्त मिलेंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट में लिखा कि पिछली सरकारें चुनाव के दौरान वादे करती थी। वादे पूरे होते होते 5 साल पूरे निकल जाते थे। हमारी सरकार ने पंजाब के इतिहास में नई मिसाल कायम की है। इसे लेकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बजट में भी प्रविधान किया है।
सरकार ने अधिसूचना जारी नहीं की
दूसरी तरफ इसका लाभ किसे-किसे और कैसे मिलेगा, इसे लेकर लोगों और अधिकारियों के मन में संशय है। इसका कारण यह है कि योजना को लेकर अभी तक सरकार ने अधिसूचना जारी नहीं की है। सरकार की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद ही इस योजना के लाभ पात्रियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस योजना के अनुसार दो महीने का बिजली बिल 600 यूनिट से कम रहने पर बिल की सारी राशि माफ कर दी जाएगी। हालांकि 600 यूनिट से ज्यादा बिल आने पर पूरी राशि का भुगतान करना होगा। सामान्य और आरक्षित श्रेणी दोनों के लिए यह नियम समान है।








