पटना। Blast in Patna Court: बिहार के पटना से बड़ी खबर है। पटना सिविल कोर्ट परिसर में ब्लास्ट हो गया। इस धमाके में एक दरोगा और सिपाही घायल बताए जा रहे हैं। ब्लास्ट के बाद कोर्ट में भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर प्रक्रिया के तहत जांच के लिए लाया गया बारूद ब्लास्ट कर गया। घायल दरोगा और सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक पटेल छात्रावास से स्टील के डब्बे में बरामद बम को कोर्ट में सबूत के दौर पर पेश करने के लिए अगमकुआं थाने के दारोगा उमाकांत राय व सिपाही सुबोध कुमार लेकर कोर्ट परिसर पहुंचे थे। कागजी कार्रवाई के दौरान टेबल पर रखा बम ब्लास्ट कर गया। ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। अफरातफरी की स्थिति हो गई।
दारोगा व सिपाही को भी मामूली चोटें आई
मामला स्पष्ट होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जाता है कि बम में बारूद के साथ स्पिलंटर काफी कम मात्रा में था। इस कारण कम लोग जख्मी हुए। घायल हुए दारोगा व सिपाही को भी मामूली चोटें आई हैं। उनकी आंखों में जलन हो रही है। फिलहाल सुरक्षा के दृष्टि से कोर्ट परिसर में किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है।
मौके पर सिटी एसपी पहुंच गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि अग्निपथ योजना के विरोध के दौरान आइबी की रिपोर्ट पर पटना के कई हॉस्टलों में जांच की गई थी। इसी क्रम में पटेल छात्रावास से ये बारूद बरामद हुए थे।








