डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने शुक्रवार को लुधियाना के मुल्लांपुर दाखा में नए ब्लॉक अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के लिए एक बड़ा शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया।
शपथ ग्रहण समारोह में आप पंजाब के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंसिपल बुध राम, आप के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक, आप पंजाब के प्रभारी जरनैल सिंह, कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, लालजीत सिंह भुल्लर, हरभजन सिंह ईटीओ, ब्रह्म शंकर जिम्पा, अमन अरोड़ा, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालचंद कटारूचक, डॉ. बलजीत कौर, हरजोत बैंस। इनके अलावा समारोह में आप के विधायक, चेयरमैन और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहें।
ये भी पढ़ें: ट्रैवल एजैंट विनय हरि के खिलाफ DCP से शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग
आप पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंसिपल बुध राम ने सभी को शपथ दिलाई और कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत करने और संगठन को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देशानुसार नए ब्लॉक अध्यक्षों और जिला प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। सभी नए पदाधिकारी सामान्य पृष्ठभूमि के ईमानदार और मेहनती लोग हैं जो पंजाब की भलाई के लिए काम करना चाहते हैं।
सभा को संबोधित करते हुए आप के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह ने कहा कि पंजाब की पार्टी टीम ने बहुत मेहनत की जिसके कारण 2022 के विधानसभा चुनाव में हमने ऐतिहासिक जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की तरह ही आम आदमी पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भी भारी जीत दर्ज करेगी।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और कड़ी मेहनत के बिना कोई भी सफलता संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके पास आप पंजाब इकाई के रूप में दुनिया की सबसे मेहनती और अनुशासित टीम है, जिन्होंने न केवल ऐतिहासिक जनादेश के साथ भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाया बल्कि आम आदमी पार्टी की नीतियों को अन्य राज्यों में ले जाने के लिए भी कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जालंधर में महिला के साथ तांत्रिक ने कर डाला ये ‘कांड’
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में ब्लॉक अध्यक्ष सबसे महत्वपूर्ण पद है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक परिवार है। हमने पंजाब में राजनीतिक परिवर्तन लाने के लिए कड़ी मेहनत की, अब हमें देश को भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से मुक्त करने के लिए और भी अधिक मेहनत करनी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्हें अरविंद केजरीवाल की राजनीति को देश के कोने-कोने तक ले जाना है और हर राज्य में पार्टी इकाइयों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 2012 में आप के गठन के बाद से हमारे बीच कई उतार-चढ़ाव आए और कई लोग जो गुप्त और निजी हितों के साथ पार्टी में शामिल हुए, उन्होंने हमें छोड़ दिया लेकिन हम मजबूती के साथ खड़े हैं क्योंकि हम पंजाब के लोगों के लिए काम कर रहे हैं।