डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update News: देश में मानसून (Monsoon) सक्रिय हो गया है। पहाड़ी राज्यों में तबाही मच गई है। मैदानी इलाकों में जलभराव और नदियों में बाढ़ (Flood) जैसी स्थिति पैदा हो गई है। पंजाब (Punjab) में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट (Rain Alert) जारी किया है। बारिश का सिलसिला इस हफ्ते के पहले हिस्से तक जारी रह सकता है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बीते दिन फिरोजपुर में 54.5 मिमी, मोगा (Moga) में 32 मिमी और पठानकोट (Pathankot) में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में बादल छाए रहे, जिससे अधिकतम तापमान में औसतन 0.7 डिग्री की गिरावट आई है।
फ्लैश अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) ने 18 जिलों में फ्लैश अलर्ट जारी किया है। शाम 5 बजे तक संगरूर, पटियाला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का, लुधियाना, चंडीगढ़, रूपनगर, फरीदकोट, मोगा, फिरोजपुर, जालंधर, तरनतारन, कपूरथला, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर और पठानकोट में बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: जालंधर में हो रही GST बोगस बिलिंग, CA की गिरफ्तारी के बाद हरकत में CGST टीम
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में हालात सामान्य बने हुए हैं। सर्वाधिक तापमान बठिंडा में 39.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि अमृतसर में 35.9 डिग्री, लुधियाना में 35.5 डिग्री, पटियाला में 35 डिग्री, गुरदासपुर में 34 डिग्री व फिरोजपुर में 36 डिग्री दर्ज किया गया।
जारी रहेगी बारिश
पंजाब (Punjab) में जुलाई के पहले हफ्ते तक भारी बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 जून को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 जून और 1 जुलाई को यह बारिश राज्य के अधिकतर इलाकों तक फैल सकती है और उसके बाद भी यह सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार संगरूर व पटियाला में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मानसा, बरनाला, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, रूपनगर, नवांशहर, होशियारपुर और पठानकोट में यलो अलर्ट जारी रहेगा। जबकि अन्य जिलों में हालात सामान्य रहेंगे।
मूसलाधार बारिश की चेतावनी
29 से 30 जून के बीच कुछ जिलों में बहुत भारी वर्षा, यानी 12 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश की चेतावनी दी गई है। यह स्थिति निचले इलाकों में जलभराव और फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है। मौसम विभाग ने पटियाला, संगरूर, गुरदासपुर, होशियारपुर और आसपास के क्षेत्रों को इस दौरान विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है।
बांधों के जलस्तर में हो रही वृद्धि
27 जून तक के मिले आंकड़ों के अनुसार पंजाब, हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश के बाद प्रमुख डैमों के जलस्तर में सुधार आया है। पोंग डैम का जलस्तर 1295.53 फीट दर्ज किया गया है, जो इसके अधिकतम स्तर 1390 फीट से लगभग 94.5 फीट नीचे है। इसके जलस्तर में 2.58 फीट की वृद्धि दर्ज की गई।
पंडोह डैम का जलस्तर
पंडोह डैम का जलस्तर 2922.17 फीट है, जो इसके उच्चतम स्तर 3070 फीट से लगभग 148 फीट कम है। यहाँ 21,679 क्यूसेक पानी आ रहा है और 14,607 क्यूसेक छोड़ा जा रहा है।
भाखड़ा डैम का जलस्तर
भाखड़ा डैम का जलस्तर 1567.62 फीट है, जो अधिकतम 1680 फीट से लगभग 112.38 फीट नीचे है। इनफ्लो 42,249 क्यूसेक और आउटफ्लो 32,863 क्यूसेक रहा। निचले रोपड़ क्षेत्र में 7790 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
रणजीत सागर डैम का जलस्तर
रणजीत सागर डैम का जलस्तर 505.42 मीटर है, जबकि अधिकतम स्तर 527.91 मीटर होता है। यानी यह 22.49 मीटर नीचे है। इनफ्लो 11,541 क्यूसेक और आउट-फ्लो 11,992 क्यूसेक है।