डेली संवाद, दसूहा। Accident News: होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र में जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उच्ची बस्सी के पास दिल्ली से जम्मू जा रही एक डबल डेकर टूरिस्ट बस की सामने से आ रहे लकड़ी से लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस के आगे के पहिए निकलकर दूर जा गिरे और बस हाईवे की रेलिंग पर चढ़ गई।
हादसे में बस चालक इमराज शरीफ (निवासी जम्मू) की दोनों टांगें टूट गईं। वह बस के केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए कटर की मदद से बस की बॉडी काटनी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला जा सका। घायल चालक को तुरंत दसूहा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस में सवार थे 46 यात्री, मची चीख-पुकार
इस दुर्घटना में ड्राइवर के अलावा चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए दसूहा (Dasuya) के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
हादसे के समय बस में करीब 46 यात्री सवार थे, जो दिल्ली से जम्मू के धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए जा रहे थे। तड़के करीब चार बजे अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार धमाके के साथ हुए हादसे के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। बस के केबिन के पास बैठे यात्रियों को ही ज्यादा चोटें आईं, जबकि बाकी यात्री मामूली रूप से घायल रहे।
मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स
बस कंडक्टर आसिफ ने बताया कि ट्रक रॉन्ग साइड से अचानक आ गया, जिससे ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला और यह हादसा हो गया। सड़क सुरक्षा अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। कम चोटिल यात्री प्राथमिक उपचार के बाद अपने-अपने घरों को लौट गए।

जहां यह हादसा हुआ, वहां पास में आर्मी कैंप स्थित है। टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। बस चालक को निकालने के लिए कटर से बस की बॉडी काटनी पड़ी, जिसके चलते हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
ट्रक चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
दसूहा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











