डेली संवाद, मोहाली। Punjab Mohali Schools Bomb Threat Mail News: मोहाली में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के करीब 10 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। जैसे ही स्कूल प्रबंधन को इस संबंध में सूचना मिली, सभी संबंधित स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई और बच्चों को सुरक्षित घर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और स्कूल परिसरों को सील कर जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक पंजाब (Punjab) के मोहाली (Mohali) में सुबह स्कूल खुलने के कुछ समय बाद ही प्रशासन को धमकी भरे ई-मेल मिले। ई-मेल में स्कूलों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। खतरे को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन ने तत्काल अभिभावकों को मैसेज भेजकर स्थिति की जानकारी दी और बच्चों को वापस ले जाने का अनुरोध किया। जो छात्र बसों से आए थे, उन्हें संबंधित बसों के माध्यम से घर भेजा गया, जबकि निजी वाहनों से आए बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ वापस भेजा गया।

स्कूलों के बाहर अफरातफरी
धमकी मिलने के बाद कई स्कूलों के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह बच्चों को छोड़ने पहुंचे अभिभावकों को गेट से ही वापस भेज दिया गया। पुलिस ने किसी को भी स्कूल परिसर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और स्कूलों के हर हिस्से की गहन तलाशी ली जा रही है।
यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
डीएसपी सिटी हरसिमरन बल स्वयं लर्निंग पाथ स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, डीएसपी सिटी वन पृथ्वी चहल पैरागॉन स्कूल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस ने सभी प्रभावित स्कूलों को सील कर दिया है और अंदर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

10 स्कूलों को मिली धमकी
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) गिन्नी दुग्गल ने पुष्टि की कि करीब 10 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए हैं। इनमें पैरागॉन स्कूल, लर्निंग पाथ स्कूल, माइंड ट्री, जीडी गोयनका, विवेक स्कूल, इंडस पब्लिक स्कूल समेत अन्य निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं। जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उन्हें एहतियातन बंद कर दिया गया है। साथ ही सरकारी स्कूलों को भी अपने आधिकारिक ई-मेल नियमित रूप से चेक करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त (डीसी) को भी भेज दी गई है।
स्कूल प्रशासन द्वारा अभिभावकों को भेजे गए संदेश में कहा गया, “प्रिय पेरेंट्स, हमारे बच्चों की सुरक्षा और प्राप्त हुई ई-मेल को ध्यान में रखते हुए, हम विद्यार्थियों को वापस भेज रहे हैं। बस से आने वाले विद्यार्थियों को उनकी संबंधित बसों के माध्यम से ही भेजा जाएगा। निजी वाहन से आने वाले अभिभावकों से अनुरोध है कि वे अपने बच्चों को यथाशीघ्र वापस ले जाएं।”

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल की उत्पत्ति और उसके स्रोत की जांच की जा रही है। साइबर सेल की टीम भी मामले की पड़ताल में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी वास्तविक है या किसी शरारती तत्व की हरकत। फिलहाल किसी भी स्कूल परिसर से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
घटना के बाद अभिभावकों और छात्रों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले चंडीगढ़, अमृतसर और जालंधर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।









