डेली संवाद, जालंधर। Power Cut in Jalandhar Punjab News: शहर के चार प्रमुख और पॉश इलाकों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने का काम शुरू हो गया है। पावरकॉम की ओर से छोटी बारादरी (पिम्स के पास), जसवंत नगर, शहीद उधम सिंह नगर और लिंक रोड स्थित श्री गुरु रविदास भवन के 11 केवी फीडर को अपग्रेड किया जा रहा है। जिससे आज कई इलाकों में बिजली बंद रहेगी।
इस परियोजना का उद्देश्य बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए सप्लाई क्षमता बढ़ाना है, ताकि गर्मियों में ओवरलोड और कटौती की समस्या से राहत मिल सके। इन चारों फीडरों से शहर के करीब 25 इलाके जुड़े हुए हैं। इनमें जालंधर (Jalandhar) के गढ़ा रोड, पिम्स, जौहल मार्केट, पुडा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, जसवंत नगर, लिंक रोड, मॉडल टाउन रोड, पीपीआर और हरदयाल नगर जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

इन इलाकों में बिजली कट
इन इलाकों में बड़ी संख्या में रिहायशी मकान, दुकानें और व्यावसायिक कनेक्शन जुड़े हैं, जिसके कारण बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। पावरकॉम अधिकारियों के अनुसार फरवरी महीने में इन फीडरों को दो हिस्सों में विभाजित किया जाएगा। इसके तहत नई और अधिक क्षमता वाली केबलें बिछाई जाएंगी तथा अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: जालंधर में 130.50 करोड़ का GST घोटाला बेनकाब, शहर का प्रमुख कारोबारी गिरफ्तार
जिन गलियों में बिजली की तारें कमजोर या पुरानी हो चुकी हैं, उन्हें भी बदला जाएगा। इससे लाइन लॉस कम होगा और वोल्टेज की समस्या में सुधार आएगा। काम के दौरान अलग-अलग इलाकों में बारी-बारी से बिजली कट लगाए जाएंगे। विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुबह 9 बजे तक पानी भरने और जरूरी बिजली से जुड़े काम निपटा लें।

शाम तक बिजली बंद रहेगी
दोपहर में कार्य के दौरान सीमित क्षेत्र में अस्थायी रूप से सप्लाई बंद की जाएगी, जबकि शाम 4 से 5 बजे के बाद नियमित बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। यह कदम बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है।
पावरकॉम ने मई-जून की संभावित भीषण गर्मी को देखते हुए पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। कार्यकारी इंजीनियर जसपाल सिंह ने बताया कि फरवरी के अंतिम दो सप्ताह और मार्च-अप्रैल का समय इस अपग्रेडेशन कार्य के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि इन चार 11 केवी फीडरों के मजबूत होने के बाद बढ़े हुए लोड के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

11 केवी फीडर की मरम्मत
यह कार्य शहर के व्यापक बिजली सुधार योजना का हिस्सा है। इसके तहत पूरे शहर में 11 केवी फीडरों को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुसार पावर सप्लाई प्रणाली को सुदृढ़ बनाया जा सके। विभाग का दावा है कि इस पहल से गर्मियों में ट्रिपिंग और बार-बार कटौती की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।









