डेली संवाद, जालंधर। DIPS News: डिप्स कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रड़ा मोड़–जलालपुर में आयोजित एनएसएस कैंप उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव के साथ संपन्न हुआ। मुख्य विषय “यातायात नियम जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान” रहा।
होशियारपुर पुलिस की टीम—एएसआई राजविंदर सिंह, एएसआई लोक राम, एएसआई हरजिंदर सिंह एवं हेड कॉन्स्टेबल निर्मल सिंह—ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, मोबाइल का प्रयोग न करने तथा नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया।
नशा मुक्ति विषय पर युवाओं को समाज और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाते हुए नशे से दूर रहने का प्रेरक संदेश दिया गया। बी.एड. सेमेस्टर तृतीय की छात्रा समृति भाटिया की प्रभावशाली कविता ने कार्यक्रम को भावनात्मक आयाम प्रदान किया।
यह भी पढ़ें: जालंधर में 130.50 करोड़ का GST घोटाला बेनकाब, शहर का प्रमुख कारोबारी गिरफ्तार
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. हरमीत कौर ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। डिप्स ग्रुप के एम डी तरविंदर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि डिप्स केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास के लिए भी पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि यातायात नियमों का पालन करे और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहे, तो वह राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। एनएसएस कैंप जागरूकता, प्रेरणा और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









