डेली संवाद, जालंधर/होशियारपुर। Punjab News: जालंधर और होशियारपुर नगर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर अजय शर्मा 27 साल के सराहनीय सेवाकाल के बाद औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हो गए। निगम कार्यालय में आयोजित एक सादगीपूर्ण लेकिन भावुक समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
पंजाब (Punjab) के जालंधर (Jalandhar) और होशियारपुर के असिस्टेंट कमिश्नर अजय शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता दी। नगर निगम में रहते हुए उन्होंने शहर के विकास कार्यों, स्वच्छता अभियानों और राजस्व संग्रह व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूर्व मेयर के साथ काम किया
अजय शर्मा जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर, सुनील ज्योति और जगदीश राजा के साथ काम किया। विदाई समारोह में निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अजय शर्मा एक अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी रहे हैं। उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया और अधीनस्थ कर्मचारियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
सहकर्मियों ने बताया कि वे न केवल एक सक्षम प्रशासक थे, बल्कि एक मिलनसार और सहयोगी व्यक्तित्व के धनी भी थे। अपने संबोधन में अजय शर्मा ने कहा कि होशियारपुर नगर निगम में बिताया गया समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्हें शहरवासियों के साथ सीधे जुड़कर काम करने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है।

अफसरों ने दी विदाई
उन्होंने सभी सहयोगियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी सामाजिक कार्यों से जुड़े रहने की इच्छा जताई। शहर के कई सामाजिक संगठनों और प्रतिनिधियों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ दीं और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर कर्मचारियों ने स्मृति-चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।







