डेली संवाद, नई दिल्ली। Bolivia Air Force Hercules Plane Crashes Off Runway: शनिवार सुबह (भारतीय समयानुसार) बोलिविया (El Alto, Bolivia) के एल आल्टो शहर में वायुसेना का हरक्यूलिस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के समय विमान देश के सेंट्रल बैंक के नए छपे नोट लेकर जा रहा था।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, बोलिविया (El Alto, Bolivia) में खराब मौसम के बीच विमान ने एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की। लैंडिंग के बाद विमान रनवे पर नियंत्रण खो बैठा और फिसलते हुए एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकलकर पास की एक व्यस्त सड़क पर जा गिरा। जिस सड़क पर विमान गिरा, वहां खड़ी 10 से 15 गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

मृतकों के शव सड़क पर बिखरे
हादसे के बाद घटनास्थल पर भयावह दृश्य देखने को मिला। विमान का मलबा, टूटी हुई कारें और मृतकों के शव सड़क पर बिखरे पड़े थे। विमान में मौजूद बैंक के नए नोट भी सड़क पर बिखर गए। नोटों को उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और अधिक अव्यवस्थित हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों को पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
दुर्घटना के तुरंत बाद एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी उड़ानों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। राष्ट्रीय एयरलाइन ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह बोलिवियाई वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था।

विमान दो हिस्सों में टूट गया
स्थानीय मीडिया में प्रसारित फुटेज के अनुसार, हादसे के बाद विमान दो हिस्सों में टूट गया और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। घायलों को तत्काल पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बोलिविया का सेंट्रल बैंक इस घटना को लेकर आज प्रेस ब्रीफिंग करने वाला है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए आधिकारिक जांच टीम गठित कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम को हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।







