Punjab: ANTF पंजाब द्वारा बड़ी मात्रा में MDMA की बरामदगी के साथ अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

Daily Samvad
4 Min Read
ANTF Punjab busts international narcotics network
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab: अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए पंजाब पुलिस (Punjab Police) की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ट्राइसिटी क्षेत्र और लुधियाना में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स नेटवर्क का भंडाफोड़ कर इसके छह प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी विशेष रूप से शहरों में रहने वाले युवाओं को निशाना बनाकर विदेशी मूल के पार्टी ड्रग्स की सप्लाई करते थे।

यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रिशव, मुकेश कुमार, लखविंदर सिंह, रवि कुमार, बलजिंदर सिंह और तलविंदर सिंह के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह देश में एमडीएमए टैबलेट की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक है।

9 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए नशीले पदार्थों में 1,215 एमडीएमए टैबलेट, 263 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईसीई), विभिन्न वेरिएंट में 1.2 किलोग्राम टीएचसी, 16 ग्राम मैजिक मशरूम और 400 ग्राम अफीम शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह सिंडिकेट एयर कोरियर चैनलों के माध्यम से विदेशों से नशीले पदार्थ मंगवाता था और आगे सप्लाई तथा पकड़े जाने से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करता था। मामले में आगे-पीछे के लिंक का पता लगाने और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।

arrest
arrest

3 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार

कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए एआईजी एएनटीएफ अश्वनी गोटीयाल ने बताया कि उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि रिशव नामक एक ड्रग सप्लायर खरड़ के एक अपार्टमेंट से क्लब और पार्टी सर्किट में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा है, जो मुख्य रूप से ट्राइसिटी क्षेत्र के युवाओं को बेचे जा रहे थे।

प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से उक्त स्थान पर छापा मारा, जहां से संदिग्ध रिशव को 1,215 एमडीएमए टैबलेट, 155 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम आईसीई, 10 वेरिएंट में 973 ग्राम टीएचसी, 16 ग्राम मैजिक मशरूम, 400 ग्राम अफीम और 3 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया।

FIR दर्ज

एआईजी ने बताया कि आगे की जांच में लुधियाना में एक बड़े डिस्ट्रीब्यूशन मॉड्यूल का खुलासा हुआ, जो ट्राइसिटी क्षेत्र के लिए मुख्य सप्लाई और पुनः वितरण केंद्र के रूप में काम कर रहा था। इसके बाद की गई छापेमारी में मुख्य आरोपी मुकेश कुमार, लखविंदर सिंह, रवि कुमार, बलजिंदर सिंह और तलविंदर सिंह को 108 ग्राम कोकीन, 278 ग्राम टीएचसी और 6 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया।

एआईजी अश्वनी गोटियाल ने कहा कि छापेमारी के दौरान जब्त किए गए कई नशीले पदार्थ वैश्विक स्तर पर अत्यंत घातक और खतरनाक माने जाते हैं। इनके गंभीर मानसिक और शारीरिक प्रभावों के कारण मूल देशों में इनके सेवन के खिलाफ विभिन्न सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श और प्रवर्तन चेतावनियां जारी की गई हैं। इस संबंध में एसएएस नगर के पुलिस थाना एएनटीएफ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 20, 21, 22, 22 (सी), 27 और 29 के तहत FIR नंबर 4 दिनांक 27.02.2026 दर्ज की गई है।















Share This Article
Follow:
मानसी जायसवाल, डेली संवाद ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। वे लोकल खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। वह 5 सालों से अधिक समय से Daily Samvad (Digital) में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत डेली संवाद से की। उन्होंने पंजाब के जालंधर के खालसा कालेज से एमए की डिग्री हासिल की है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *