डेली संवाद, अमृतसर। Israel Iran War Crisis: मध्य-पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब पंजाब पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से खाड़ी देशों के लिए रवाना होने वाली कई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें अचानक रद्द कर दी गई हैं। इससे सैकड़ों यात्री हवाई अड्डे पर फंस गए और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि ईरान (Iran) पर हुए हमलों के बाद कई देशों ने एहतियातन अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। सुरक्षा कारणों के चलते अमृतसर (Amritsar) से दुबई, शारजाह, मस्कट और दोहा जाने वाली लगभग 10 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। रविवार होने के कारण पहले से ही एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ थी, ऐसे में अचानक उड़ानें रद्द होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए
दोहा जाने वाले यात्री अरविंदर सिंह ने बताया कि वह पिछले दो साल से वहां लेबर का काम कर रहे हैं और छुट्टियां खत्म होने के बाद आज वापस लौटना था। लेकिन एयरलाइन की ओर से उड़ान रद्द होने की सूचना दे दी गई। उन्होंने चिंता जताई कि समय पर काम पर न लौट पाने से नौकरी पर असर पड़ सकता है। इसी तरह मस्कट जाने वाले जगदीप सिंह ने कहा कि उन्हें अमृतसर से दिल्ली होते हुए मस्कट पहुंचना था, लेकिन मौजूदा हालात के कारण उनकी यात्रा अधर में लटक गई है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
उनका कहना है कि एयरलाइन की ओर से अगली उड़ान के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। हवाई अड्डे के निदेशक भूपेंद्र सिंह ने पुष्टि की है कि मध्य-पूर्व के हवाई क्षेत्र में अस्थिरता के कारण एयरलाइंस जोखिम लेने से बच रही हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान का स्टेटस जरूर जांच लें।







