डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar School Bomb Threat: पंजाब के जालंधर शहर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दो प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल मिली। धमकी शहर के बीच स्थित पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल और रामामंडी स्थित एपीजे स्कूल ब्रांच को भेजी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और भारी पुलिस बल, स्निफर डॉग तथा बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस को किसी भी तरह का संदिग्ध सामान या बम जैसी वस्तु नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि एहतियात के तौर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घबराहट से बचने के लिए फिलहाल स्कूलों में छुट्टी घोषित नहीं की गई है और पढ़ाई सामान्य रूप से जारी है।

साइबर सेल जांच में जुटा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरी ई-मेल कहां से भेजी गई है, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल और तकनीकी टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। ई-मेल के स्रोत को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती तौर पर इसे शरारती तत्वों की हरकत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
गौरतलब है कि इससे पहले भी जालंधर (Jalandhar) के स्कूलों को कई बार इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के पंजाब (Punjab) दौरे से एक दिन पहले शहर के छह स्कूलों को बम ब्लास्ट की धमकी दी गई थी। उस समय भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आई थीं और व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।

पीएम रैले की समय भी धमकी
उस दिन श्री गुरु रविदास महाराज जी की जयंती के अवसर पर शोभायात्रा के चलते स्कूलों में छुट्टी थी। एक स्कूल को भेजे गए ई-मेल में लिखा गया था कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान बम धमाका होगा। मेल ‘बिल्ली हाल’ नाम से भेजा गया था, जिसमें 3-4 स्कूलों में ब्लास्ट की बात कही गई थी। संदेश में धार्मिक संदर्भ और कुछ विवादित टिप्पणियां भी शामिल थीं।
इसके अलावा 25 दिसंबर को भी जालंधर (Jalandhar) के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।







