डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर शहर के विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली के विशेष प्रयासों से डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) से कपूरथला चौक तक जाने वाली शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़क का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया है।
यह सड़क लंबे समय से सरफेस वॉटर प्रोजेक्ट के चलते रुकी हुई थी, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब हालत के कारण ट्रैफिक जाम और आवागमन में भी लोगों को काफी दिक्कतें आ रही थीं।
रुका हुआ काम अब फिर से शुरू
गौरतलब है कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) से कपूरथला चौक तक इस सड़क का निर्माण कार्य पिछले साल दिवाली तक पूरा होना था, लेकिन सरफेस वॉटर प्रोजेक्ट के दौरान सामने आई कुछ तकनीकी खामियों के कारण यह काम देरी का शिकार हो गया। हालांकि नितिन कोहली (Nitin Kohli) द्वारा लगातार किए गए प्रयासों और संबंधित विभागों के साथ हुई बैठकों के बाद यह रुका हुआ काम अब फिर से शुरू करवा दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इस अवसर पर लोगों से बातचीत करते हुए नितिन कोहली ने कहा कि जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और जहां भी विकास कार्यों में रुकावट आती है, वहां उसे दूर करने के लिए तुरंत कदम उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर (Jalandhar) के विकास के लिए सड़कों, पीने के पानी, सफाई व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करना बेहद जरूरी है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
जनता को समर्पित
नितिन कोहली ने कहा कि जालंधर सेंट्रल के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना उनका लक्ष्य है और आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि जालंधर को एक साफ-सुथरा, सुविधाओं से भरपूर और आधुनिक शहर बनाना है।








