डेली संवाद, लुधियाना। Bomb Threat: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
यह धमकी स्कूल प्रबंधन को ईमेल के जरिए भेजी गई थी। मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन और स्टाफ में दहशत फैल गई और एहतियात के तौर पर तुरंत स्कूल परिसरों को खाली करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना पुलिस (Ludhiana Police) तुरंत हरकत में आ गई।
स्कूल को खाली करवाने की प्रक्रिया शुरू
पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूलों के आसपास के इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ले रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
घटना की खबर फैलते ही बच्चों के अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई। कई माता-पिता अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए स्कूलों के बाहर पहुंचने लगे। स्कूल प्रशासन ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अभिभावकों को सौंपना शुरू कर दिया। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और शांति बनाए रखें।

दोपहर 1:11 बजे धमाका होने की बात कही
पुलिस के अनुसार धमकी देने वाले ईमेल की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। तकनीकी टीम ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसने भेजी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। 10 फरवरी को मोहाली के 16 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस मेल में दोपहर 1:11 बजे धमाका होने की बात कही गई थी। साथ ही भगवंत मान को भी मानव बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि उस मामले में जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।








