डेली संवाद, पंजाब। Anmol Gagan Mann: पंजाब से एक अहम न्यायिक फैसला सामने आया है। डेराबस्सी की अदालत ने करोड़ों रुपये के चेक बाउंस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है।
इस मामले में खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान (Anmol Ganag Mann) के पति शाहबाज सिंह सोही समेत जतिंदर सिंह नोनी और नछत्तर सिंह को दो-दो साल की सजा और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

दो-दो साल की सजा
करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये से जुड़े इस मामले की सुनवाई लगभग सात वर्षों तक चली। अंततः ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास परनीत कौर की अदालत ने सभी तथ्यों और सबूतों के आधार पर यह फैसला सुनाया। हालांकि सजा सुनाए जाने के बाद तीनों दोषियों ने मौके पर ही जमानत राशि जमा कराकर जमानत हासिल कर ली।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मामले की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी, जब शिकायतकर्ता कमलजीत सिंह कामा ने अदालत में शिकायत दर्ज करवाई थी। वह जीरकपुर के पूर्व सरपंच जसपाल सिंह के भाई हैं। शिकायत के अनुसार ‘मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डकॉन’ कंपनी के पार्टनरों ने राजपुरा में एक हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत प्लॉट बेचने का सौदा किया था।

साढ़े 3 करोड़ रुपये का चेक दिया, जो बाउंस हो गया
आरोप है कि सौदा पूरा न होने के बावजूद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को साढ़े तीन करोड़ रुपये का चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। शिकायतकर्ता के वकील भारत जोशी के अनुसार अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय सुनाया।
फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कमलजीत सिंह कामा ने कहा कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की थी और अब सजा मिलने से उन्हें न्याय मिला है।








