डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ (Chandigarh) के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत नागरा उर्फ चीनी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने हरियाणा के कैथल में मुठभेड़ के बाद दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियार भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान, निवासी फिरोजपुर, और प्रीतम शाह, निवासी नवांशहर के रूप में हुई है। दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस (Police) कई दिनों से लगातार छापेमारी कर रही थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चमनप्रीत के परिवार ने राहत की सांस ली है, जो आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम न कराने की मांग पर अड़ा हुआ था। परिवार के सदस्यों ने मामले में कई अहम खुलासे भी किए हैं।

चचेरा भाई बोला- दो महिलाओं पर शक
चमनप्रीत के चाचा के बेटे मेजर ने बताया कि उन्हें दो संदिग्ध महिलाओं पर शक है, जो उनके गांव की नहीं हैं। मेजर के अनुसार, एक महिला से बातचीत के दौरान उसने दूसरी महिला का नाम भी बताया। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि घटना के समय एक अन्य गाड़ी मौके पर मौजूद थी, जिसमें करीब 8 लोग सवार थे। परिवार का मानना है कि इस वारदात में एक बड़ा नेटवर्क शामिल हो सकता है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मेजर ने यह भी बताया कि आरोपियों को चमनप्रीत की दिनचर्या और जिम जाने के समय की पूरी जानकारी थी, जिससे यह अंदेशा है कि उसकी रेकी पहले से की जा रही थी। इसमें जिम के आसपास के किसी व्यक्ति या संदिग्ध महिलाओं की भूमिका हो सकती है। पुलिस को इन महिलाओं के नाम जल्द सौंपे जाएंगे।
चमनप्रीत अपने दोस्तों के साथ जिम गया था
गांव के सरपंच हरविंद्र सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन चमनप्रीत अपने दो दोस्तों के साथ जिम गया था। एक्सरसाइज के बाद उसने दोस्तों से कहा कि उसे कुछ जरूरी काम है और वह पहले निकल गया, जबकि दोस्तों को दूसरी गाड़ी से आने को कहा।
इस बीच, हाल ही में पंजाब यूनिवर्सिटी में हुई फायरिंग और सेक्टर-9 में इस हत्या के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई है।

सेक्टर-9 में गोली मारकर हत्या कर दी
चमनप्रीत के करीबी दोस्त बलकार सिंह ने भी खुलासा किया कि उन्हें और चमनप्रीत को लंबे समय से धमकी भरे कॉल्स आ रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी कारण चमनप्रीत सेक्टर-9 को सुरक्षित मानकर वहां जिम करने जाता था, लेकिन वहां भी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
गौरतलब है कि बुधवार को जिम से बाहर निकलते ही चमनप्रीत नागरा पर ताबड़तोड़ 12 गोलियां चलाई गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लक्की पटियाल ने ली है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और साजिश के पीछे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।







