डेली संवाद, अमृतसर। Punjab: अमृतसर (Amritsar) पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो से अधिक हेरोइन और अवैध हथियारों के साथ एक सरपंच (Sarpanch) समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 300 ग्राम हेरोइन, एक 30 बोर का पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपी VIP नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर नशे की खेप लेकर जा रहे थे।

हेरोइन और जिंदा कारतूस बरामद
अमृतसर पुलिस (Amritsar Police) के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह, सिमरप्रीत सिंह और बलवंत सिंह के रूप में हुई है, जिनमें से एक सरपंच है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, सरपंच की गिरफ्तारी के बाद उसके कुछ फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं के साथ नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों को लेकर दावा किया जा रहा है कि आरोपी सरपंच एक स्थानीय AAP नेता का करीबी है, जो हाल ही में शिरोमणि अकाली दल (SAD) छोड़कर पार्टी में शामिल हुआ था। फिलहाल पुलिस भी इस राजनीतिक पहलू पर खुलकर कुछ नहीं कह रही है।

पुलिस ने नाकाबंदी की
मेहता थाने के एएसआई पलविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशा तस्करी और अवैध हथियारों के साथ इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ओएटी सेंटर के पास नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका गया और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।







