डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान, जिला फरीदकोट की जैतो मंडी में स्थित वेयरहाउस में तैनात वेयरहाउस इंस्पेक्टर नरेश कुमार गोयल को 18,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां इस संबंध में जानकारी देते हुए, राज्य विजिलेंस ब्यूरो (PunjabVigilance Bureau) के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव घणिया, जिला फरीदकोट के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

18,500 रुपये की रिश्वत मांगी
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता आढ़तिया के रूप में काम करता है और आरोपी वेयरहाउस इंस्पेक्टर नरेश कुमार गोयल आढ़तियों से फसल की खरीद करता है। आरोपी वेयरहाउस इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 18,500 रुपये की रिश्वत मांगी और कहा कि यदि शिकायतकर्ता उसे रिश्वत नहीं देगा तो वह उसकी आने वाली गेहूं की फसल को मंडी से नहीं उठने देगा।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी इंस्पेक्टर अक्सर रिश्वत लेने के लिए किसानों से खरीदी गई फसलों में जानबूझकर दोष निकालता रहता है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज फिरोजपुर से संपर्क किया।

रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार
उसकी शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक जाल बिछाया, जिसमें आरोपी इंस्पेक्टर को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 18,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर में मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है।







