डेली संवाद, कुरुक्षेत्र। Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद स्थित मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च में शुक्रवार को उस समय बड़ा हंगामा हो गया, जब हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मीत प्रधान (जूनियर) गुरबीर सिंह तलाकौर को एक व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पूरा विवाद संस्थान के प्रबंधन (सेवा संभाल) को लेकर चल रही खींचतान के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब हंगामा शुरू हुआ तो एक व्यक्ति अचानक आगे बढ़ा और गुरबीर सिंह तलाकौर को थप्पड़ जड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने दो और थप्पड़ मार दिए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
धरना दे रहे कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे थे दादूवाल
जानकारी के मुताबिक, यह संस्थान मूल रूप से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अधीन है। शुक्रवार को यहां कार्यरत कच्चे कर्मचारी अपनी नौकरी पक्की करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसी दौरान HSGMC के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल अपने समर्थकों के साथ कर्मचारियों को समर्थन देने के लिए अस्पताल पहुंचे। उनके साथ गुरबीर सिंह तलाकौर भी मौजूद थे। दादूवाल के पहुंचने के बाद से ही माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता चला गया।
सेवा संभाल को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
दादूवाल ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका का फैसला HSGMC के पक्ष में आया है और अब संस्थान की सेवा संभाल (कब्जा) उनका अधिकार है। वहीं, SGPC और संस्थान के पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर का हवाला देते हुए इस दावे को खारिज कर दिया।
विवाद बढ़ता देख संस्थान प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तनाव लगातार बना रहा।

DSP और दादूवाल के बीच तीखी बहस
इस दौरान शाहाबाद के DSP रामकुमार और बलजीत सिंह दादूवाल के बीच भी तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान दादूवाल ने कहा कि वे अपनी संस्था में आए हैं और किसी से लड़ने नहीं आए। इस पर DSP ने जवाब दिया कि संस्था अभी उनकी नहीं है और जब वे कानूनी रूप से कब्जा ले लेंगे, तभी उनकी मानी जाएगी।
DSP रामकुमार ने दादूवाल से कहा कि वे कोर्ट के आदेश की कॉपी उनके कार्यालय में दें, जिसके बाद उन्हें ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर कब्जा दिलाया जा सकता है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि “अब मैं हाथ जोड़कर कह रहा हूं, नहीं तो आपको बाहर निकालना पड़ेगा।”
हंगामे के बीच थप्पड़ की घटना
तनाव के बीच हालात उस समय बिगड़ गए जब गुरबीर सिंह तलाकौर संस्थान के अंदर ही रह गए और अचानक एक व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। थप्पड़ मारने की इस घटना से माहौल और ज्यादा गरमा गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दादूवाल को सुरक्षा घेरे में लेकर बाहर निकाला, जबकि अन्य लोगों को शांत कराने की कोशिश की गई।
घटना के बाद SGPC के वरिष्ठ उपप्रधान एवं मीरी-पीरी ट्रस्ट के चेयरमैन रघुजीत सिंह विर्क, बलदेव सिंह कायमपुर और अन्य पदाधिकारी थाना शाहाबाद पहुंचे। उन्होंने बलजीत सिंह दादूवाल और उनके साथियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। रघुजीत सिंह विर्क ने आरोप लगाया कि संस्थान पर हाईकोर्ट का स्टे लागू है, इसके बावजूद दादूवाल जबरन कब्जा करने पहुंचे और माहौल खराब किया। उन्होंने इसे गुंडागर्दी करार देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
दादूवाल ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने किसी भी बाहरी व्यक्ति को नहीं बुलाया था। उनका कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे थे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जो भी समर्थन देने आता है, उसका स्वागत है, लेकिन उन्हें किसी को बुलाने की जरूरत नहीं है।
घटना के बाद बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि यह संस्थान अंततः HSGMC के अधीन आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि SGPC से जुड़े कुछ नेता अन्य राजनीतिक प्रभाव में काम कर रहे हैं। दादूवाल ने दावा किया कि वे संस्थान में शांतिपूर्ण बातचीत के लिए गए थे और पुलिस को कोर्ट के आदेश की कॉपी भी दिखाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर उनके साथियों के साथ मारपीट करवाई।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर SGPC और HSGMC के बीच चल रहे विवाद को उजागर कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में और भी विवाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।







