डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: अमृतसर (Amritsar) के चोगावां हलके के गांव कोहाली स्थित गुरुद्वारा बाबा जागो शहीद में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग (Firing) की घटना सामने आई है।
इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि गुरुद्वारा साहिब को लेकर दोनों पक्षों में पहले से ही विवाद चल रहा था, जिसके चलते वहां धारा 145 भी लागू की गई थी।
LCD को लेकर विवाद शुरू हुआ
घटना के संबंध में गुरलाल सिंह की मां राजविंदर कौर ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में एक श्रद्धालु द्वारा भेंट की गई LCD को लेकर विवाद शुरू हुआ। उनका आरोप है कि बाबा हरजिंदर सिंह उक्त LCD अपने घर ले गए, जिस पर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया। उन्होंने बताया कि सरपंच गुरजंट सिंह कोहली अपने साथियों किंदरबीर सिंह और गुरजीत सिंह के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज की।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
राजविंदर कौर के अनुसार, जब उनका बेटा गुरलाल सिंह, जतिंदर सिंह और सतनाम सिंह मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और बुरी तरह मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि जब वे लोग गुरुद्वारा साहिब के गेट के अंदर पहुंचे, तो सरपंच गुरजंट सिंह ने जतिंदर सिंह पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली उनके ही साथी मलकीत सिंह को लग गई, जो गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस
दूसरी ओर, बाबा हरजिंदर सिंह ने अलग बयान देते हुए कहा कि सरपंच पक्ष ने उनके घर के सामने हंगामा किया और उनके एक साथी ने उनके बेटे झूजार सिंह पर किरपान से हमला किया, जो इस समय अस्पताल में उपचाराधीन है।
घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर पुलिस (Amritsar Police) मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में लोपोके थाने के एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







