डेली संवाद, दसूहा/हाेशियारपुर। Firing in Punjab: दसूहा/होशियारपुर के गढ़दीवाला क्षेत्र में सोमवार रात एक व्यापारी के घर के बाहर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, जैन कॉलोनी में रात करीब 10 बजे दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने एक घर के मुख्य गेट पर तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार का कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि यह घर चंद्र किशोर उर्फ घुग्गा का है, जो गढ़दीवाला के गांधी चौक में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। घटना के तुरंत बाद चंद्र किशोर ने इसकी सूचना गढ़दीवाला थाने की पुलिस (Police) को दी।

CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में पुलिस इस एंगल से भी मामले को देख रही है कि कहीं यह रंगदारी या डराने-धमकाने की कोशिश तो नहीं है। थाना प्रभारी एस.आई. सतपाल ने बताया कि बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया है और उनकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।







