डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: श्रीराम नवमी के पावन अवसर के उपलक्ष्य में आज जालंधर (Jalandhar) शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर की विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से यह यात्रा आयोजित की जा रही है। शोभायात्रा दोपहर 12 बजे श्री देवी तालाब मंदिर से आरंभ होगी और शहर के प्रमुख 11 मार्गों से होते हुए देर शाम पुनः मंदिर परिसर में ही विश्राम करेगी।
नवरात्र के उपलक्ष्य में मंदिर में 24 मार्च से श्री राम चरित मानस का पाठ शुरू किया गया था, जिसका भोग आज डाला जाएगा। इसके उपरांत संत सम्मेलन आयोजित होगा और फिर शोभायात्रा रवाना की जाएगी। आयोजकों के अनुसार यात्रा में पंजाब के साथ-साथ राजस्थान से आई बैंड पार्टियां और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिससे भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इन चौकों पर रूट डायवर्ट
यात्रा का रूट जालंधर (Jalandhar) के विभिन्न प्रमुख चौकों और बाजारों से होकर गुजरेगा। शोभायात्रा सबसे पहले अड्डा होशियारपुर चौक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद यात्रा लव कुश चौक (मिलाप चौक), श्री वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), बस्ती अड्डा चौक और पटेल चौक से होते हुए वापस मंदिर की ओर लौटेगी। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की विशेष व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
शोभायात्रा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। फाटक टांडा, अड्डा होशियारपुर चौक, पंजपीर चौक, भगत सिंह चौक, फगवाड़ा मार्किट, लवकुश चौक, श्री राम चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, बस्ती अड्डा चौक, पटेल चौक और माई हीरां गेट क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।







