डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर शहर के पिम्स अस्पताल के पास स्थित एक स्पा सेंटर में उस समय बेहद फिल्मी और हैरान कर देने वाली स्थिति बन गई, जब छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम को स्पा संचालकों ने अंदर बंद कर दिया। मामला ‘क्रिस्टल स्पा सेंटर’ से जुड़ा है, जहां देह व्यापार की सूचना पर कार्रवाई करने गई पंजाब पुलिस (Punjab Police) की टीम को कैद कर लिया गया। पुलिस को देख मालिक और कर्मचारी बाहर से शटर और दरवाजा लॉक करके फरार हो गए। लगभग डेढ़ घंटे तक एक महिला और तीन पुरुष पुलिसकर्मी इमारत के अंदर कैद रहे।
जानकारी के मुताबिक, थाना नंबर 7 जालंधर (Jalandhar) की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक और अवैध कामकाज चल रहा है। इसी के आधार पर एक महिला पुलिसकर्मी समेत चार सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रेड करने का फैसला किया।
कार्रवाई की भनक लगी
सूत्रों के अनुसार, स्पा सेंटर के मालिक को पुलिस की कार्रवाई की भनक पहले ही लग गई थी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, मालिक ने तेजी दिखाते हुए मुख्य शटर को बाहर से लॉक कर दिया और अपने स्टाफ के साथ पिछले रास्ते से फरार हो गया। पुलिस टीम ने जब मुख्य दरवाजा बंद पाया, तो उन्होंने पास की इमारत के जरिए अंदर प्रवेश करने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
हालांकि, यही कोशिश पुलिस के लिए मुसीबत बन गई। जब टीम पास वाली बिल्डिंग से होते हुए स्पा सेंटर के ऊपरी हिस्से में पहुंची, तो वहां मौजूद लोगों ने निकास द्वार को भी नीचे से लॉक कर दिया। इससे एक महिला और तीन पुरुष पुलिसकर्मी इमारत के भीतर ही फंस गए।

स्पा सेंटर के दरवाजे बंद
स्थिति और संदिग्ध तब हो गई जब पुलिस ने पाया कि स्पा सेंटर के दरवाजे बंद होने के बावजूद अंदर एसी चल रहे थे। इससे अंदाजा लगाया गया कि आरोपी कुछ ही मिनट पहले वहां से फरार हुए हैं। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिसकर्मी इमारत के अंदर फंसे रहे। बाहर मौजूद पुलिस टीम ने दरवाजे खोलने और चाबी ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन जब कोई रास्ता नहीं निकला तो तुरंत मौके पर सीढ़ी मंगवाई गई।
इसके बाद खिड़की के रास्ते से एक-एक कर सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस पूरी घटना ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्पा सेंटर संचालकों की चालाकी भी उजागर हुई है। पुलिस ने कहा है कि फरार मालिक और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्पा सेंटर का मालिक फरार
फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।







